Rahul Gandhi in Gujarat: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहली बार भारत सरकार ने अमेरिकी उत्पादों के लिए भारत के कृषि क्षेत्र के दरवाजे खोले हैं।
मोदी सरकार पर जमकर बरसे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने गुजरात में आदिवासी अधिकार संविधान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने ट्रेड डील कर भारत का कृषि सेक्टर अमेरिका के लिए खोल दिया। हमारे यहां छोटे खेत होते हैं, वहीं अमेरिका में हजारों एकड़ के बड़े खेत होते हैं। हमारे यहां लोग हाथ से काम करते हैं और वहां बड़ी मशीनों से काम होता है।
अगर अमेरिका का माल भारत आने लगा तो हमारे किसान बर्बाद हो जाएंगे, इसीलिए किसी भी प्रधानमंत्री ने कृषि सेक्टर को नहीं खोला था। इन्होंने दाल, सोयाबीन, फल, कपास के लिए दरवाजे खोल दिए।
'मोदी ने अमेरिका के खिलाफ नहीं बोला एक शब्द'
राहुल गांधी ने लोकसभा में पीएम मोदी द्वारा दी गई 25 मिनट की स्पीच का उल्लेख करते हुए कहा कि सुना है प्रधानमंत्री ने 25 मिनट का भाषण दिया है, लेकिन मेरी गारंटी है कि वो संसद में डिबेट नहीं कर सकते, क्योंकि वह कॉम्प्रोमाइज (Compromised) हो गए हैं। उन्होंने आगे कहा, ''पीएम मोदी ने अभी 25 मिनट का भाषण दिया है, लेकिन अमेरिका के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला। पीएम मोदी 100 फीसदी ट्रंप के कंट्रोल में हैं।''
राहुल गांधी ने कहा, ''पीएम मोदी ने ट्रंप से कहा कि बिना आपसे पूछे हम किसी से तेल और नेचुरल गैस नहीं खरीदेंगे। अगर आप कहेंगे रूस, ईरान, इराक, वेनेजुएला से नहीं खरीदना है, हम नहीं खरीदेंगे। आप जो हुक्म करेंगे, हम वही करेंगे।''
BJP-RSS पर भी खूब बरसे राहुल
इस दौरान, राहुल गांधी ने आदिवासियों के लिए 'वनवासी' शब्द के इस्तेमाल को लेकर भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि इन संगठनों ने यह शब्द इसलिए गढ़ा है ताकि आदिवासियों को पानी, जंगल और ज़मीन पर उनके मूल मालिकाना हक से वंचित किया जा सके, जो सदियों से उन्हीं के हैं।
