देश

Third Front की कोई संभावना नहीं है- PM मोदी से मिलकर बोले उड़ीसा के CM नवीन पटनायक, कहा- BJD अकेले लड़ेगी चुनाव

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated May 11, 2023, 07:15 PM IST

पीएम मोदी से मुलाकात करने से पहले नवीन पटनायक ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। नीतीश खुद उनसे मिलने के लिए पहुंचे थे। नीतीश कुमार इस समय विपक्षी एकता की कोशिश में लगे हैं। पटनायक से मिलने के बाद नीतीश हेमंत सोरेन से भी मिले थे।

Image

पीएम मोदी से मिले BJD प्रमुख नवीन पटनायक

एक तरफ विपक्षी नेता, 2024 के लिए गठबंधन की तैयारी कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ विपक्ष की एक बड़ी पार्टी ने इस गठबंधन की उम्मीदों को झटका दे दिया है। उड़ीसा के सीएम और बीजद के प्रमुख नवीन पटनायक ने गुरुवार का दावा कर दिया कि 2024 के चुनाव में तीसरे मोर्चे की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने यह बयान दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात करने के बाद दिया है।

बीजद लड़ेगी अकेले चुनाव

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को कहा कि उनका बीजू जनता दल (बीजद) अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में अकेले उतरेगा जैसा कि उसने हमेशा किया है। पीएम मोदी के साथ अपने राज्य के विकास संबंधी मुद्दों पर बैठक के बाद दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए पटनायक ने कहा कि नीतीश कुमार का भुवनेश्वर आना एक "शिष्टाचार मुलाकात" थी।

'तीसरे मोर्चे की संभावना नहीं'

भुवनेश्वर में बिहार के मुख्यमंत्री से मिलने के एक दिन बाद पटनायक ने मुलाकात की है। नीतीश कुमार के साथ उनकी बैठक को तीसरे मोर्चे को बनाने के प्रयास के रूप में देखा गया था, पटनायक ने पीएम मोदी से मुलाकात के बाद ऐसी सभी अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा- "जहां तक मेरा संबंध है, तीसरे मोर्चे की कोई संभावना नहीं है।"

पीएम के साथ मुलाकात पर क्या बोले

पीएम मोदी के साथ मुलाकात को लेकर पटनायक ने कहा कि उनकी बात उड़ीसा के विकास के मामलों पर हुई है। उन्होंने कहा- "मैंने पीएम से मुलाकात की और हमने ओडिशा की मांग से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। मैंने अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए बात की, जिसे हमें पुरी में स्थापित करना है, भुवनेश्वर में बहुत अधिक ट्रैफिक हो रहा है, इसलिए हम एक विकल्प चाहते हैं। पीएम ने कहा कि वह निश्चित रूप से हर संभव मदद करेंगे।"

विपक्षी एकता की कोशिश में नीतीश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हाल के दिनों में विपक्षी एकता की कोशिश में जुटे हैं। गुरुवार को नीतीश कुमार शरद पवार और उद्धव ठाकरे से मुलाकात कर चुके हैं। नीतीश कुमार इससे पहले ममता बनर्जी, राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर चुके हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article