देश

'आप देश का भविष्य...', छात्र-छात्राओं को CJI गवई की सलाह; बोले- हमेशा अपनी मिट्टी से बनाए रखें जुड़ाव

Maheshwari Prasad Inter College Annual Function: भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति बी. आर. गवई ने शनिवार को छात्र-छात्राओं को नसीहत देते हुए कहा कि इंसान चाहे कितनी भी बुलंदी पर पहुंच जाए मगर उसे अपनी मिट्टी से नाता नहीं तोड़ना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि आप लोग देश का भविष्य हैं। कल का भारत कैसा होगा यह आप पर निर्भर है।

Image

सीजेआई बीआर गवई (फाइल फोटो)

Maheshwari Prasad Inter College Annual Function: भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति बी. आर. गवई ने शनिवार को छात्र-छात्राओं को नसीहत देते हुए कहा कि इंसान चाहे कितनी भी बुलंदी पर पहुंच जाए मगर उसे अपनी मिट्टी से नाता नहीं तोड़ना चाहिए। न्यायमूर्ति गवई जिले के चायल तहसील स्थित माहेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली भी थे।

CJI की छात्रों को सलाह

प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति गवई ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा, ''आप चाहे जितने बड़े बन जाएं लेकिन अपनी मिट्टी से नाता नहीं तोड़ना चाहिये। अपनी संस्कृति को नहीं भूलना चाहिये।'' उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा, ''आप लोग देश का भविष्य हैं। कल का भारत कैसा होगा यह आप पर निर्भर है। आप लोगों का सौभाग्य है कि आपने बुद्ध की धरती कौशांबी में जन्म लिया है।''

न्यायमूर्ति गवई ने कहा कि विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय देवेंद्र नाथ श्रीवास्तव ने इस छोटे से गांव में छोटा सा विद्यालय खोलकर इस क्षेत्र में पिछड़ा तथा दलित वर्ग के बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा में जोड़ने का एक छोटा सा पौधा लगाया था, जो आज विशाल वट वृक्ष बन चुका है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने इस अवसर पर कहा कि यह कॉलेज ग्रामीण प्रतिभाओं को देश की मुख्य धारा में भेजने का एक पुल है।

उन्होंने कहा, ''शिक्षा केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं है। शिक्षा आपको सही और गलत में भेद करना सिखाती है।'' न्यायमूर्ति भंसाली ने कहा कि तकनीक का प्रयोग सकारात्मक कार्यों में ही करना चाहिए। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों से छात्र-छात्राओं को कक्षा में सवाल पूछने के लिए प्रेरित करने को कहा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!