Nipah Virus Alert: केरल में निपाह वायरस एक बार फिर से लौट आया है। निपाह वायरस के कारण केरल में दो लोगों की मौत हो गई है, जिसके बाद से लोगों के बीच दहशत फैली हुई है। केरल में निपाह वायरस को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है।
दो मौतों के बाद अलर्ट पर सरकार
केरल स्वास्थ्य विभाग ने दो लोगों की 'अप्राकृतिक' मौत के बाद सोमवार को कोझिकोड जिले में निपाह वायरस से संबंधित अलर्ट जारी किया है। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार रात एक बयान में कहा कि राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने एक उच्चस्तरीय बैठक की और स्थिति की समीक्षा की। बयान में कहा गया कि एक निजी अस्पताल से बुखार के बाद दो लोगों 'अप्राकृतिक' मौत की सूचना मिली है और ऐसा संदेह है कि उनकी मौत की वजह निपाह वायरस हो सकता है।
कई बार निपाह ने बरपाया है कहर
बता दें कि कोझिकोड जिले में निपाह वायरस संक्रमण के कारण मौतों के पहले भी मामले सामने आए हैं। 2018 और 2021 में कई मामले सामने आए थे। निपाह वायरस का प्रकोप पहली बार 19 मई, 2018 को कोझिकोड में सामने आया था। तब से कोझिकोड़ में रह रहकर निपाह के मामले सामने आते रहे हैं।
क्या है निपाह वायरस
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, निपाह वायरस संक्रमण को जूनोटिक बीमारी के रूप में वर्गीकृत किया गया है, जिसका अर्थ है कि यह जानवरों से मनुष्यों में फैल सकता है। इसके अतिरिक्त, यह दूषित भोजन या सीधे व्यक्ति-से-व्यक्ति के संपर्क के माध्यम से फैल सकता है। निपाह की चपेट में आने के बाद मरीजों को तेज बुखार, सिरदर्द, सांस लेने में तकलीफ, गले में खराश जैसी समस्याएं होने लगती हैं। जिसके कारण मरीज इंसेफेलाइटिस का शिकार हो सकता है। 48 घंटे के अंदर कोमा में भी जा सकता है।
