देश

'सुरक्षा के मुद्दों पर लापरवाही बरत रहे अधिकारी', लिफ्ट हादसे में व्यक्ति की मौत पर आरजी कर पीड़िता की मां

RG Kar Medical College and Hospital Lift Incident: आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में लिफ्ट की खराबी के कारण शुक्रवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना के बाद सियासी घमासान मचा हुआ है।

Image

आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में लिफ्ट हादसा (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

RG Kar Medical College and Hospital Lift Incident: आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में बलात्कार के बाद मार दी गई चिकित्सक की मां ने शनिवार को आरोप लगाया कि अस्पताल में लिफ्ट की खराबी के कारण एक व्यक्ति की मौत से पता चलता है कि अधिकारी अभी भी सुरक्षा के मुद्दों पर लापरवाही बरत रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

40 वर्षीय अरूप बनर्जी की शुक्रवार को अस्पताल में खराब लिफ्ट में फंसने के कारण मौत हो गई। विधानसभा चुनाव से पहले इस घटना ने राजनीतिक विवाद को जन्म दिया है, जिसमें विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लापरवाही का आरोप लगाया है।

पीड़िता की मां ने अस्पताल प्रशासन पर उठाए सवाल

इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरजी कर बलात्कार-हत्याकांड मामले की पीड़िता की मां ने इस मौत को "बेहद निंदनीय" बताया और इतनी बड़ी स्वास्थ्य संस्था के संचालन को लेकर अस्पताल प्रशासन पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, "इसके बाद भी क्या अधिकारी इस तरह के विशेष अस्पताल को चलाने में सक्षम हैं? मैं इसे दुर्घटना नहीं कहूंगी। वहां कोई लिफ्ट का संचालन करने वाला नहीं था। लोग अंदर फंस गए थे, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया।"

उन्होंने हैरानी जताते हुए दावा किया कि पीड़ित की पत्नी और बच्चे ने मदद के लिए गुहार लगाई थी, लेकिन उन्हें तत्काल कोई सहायता नहीं मिली।अपनी इकलौती बेटी के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रही महिला ने कहा कि इस घटना ने अस्पताल परिसर के भीतर मरीजों, चिकित्सकों और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में "लगातार हो रही लापरवाही" को उजागर किया है।

सनद रहे कि 9 अगस्त, 2024 को युवा चिकित्सक के साथ हुए क्रूर बलात्कार और उसके बाद की गई हत्या ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया और अस्पताल में सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दीं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article