देश

NEET पेपर लीक का जिम्मेदार कौन? संसदीय समिति ने NTA के DG से पूछे तीखे सवाल, 5 घंटे तक चली बैठक; जानें क्या कुछ हुई बात

NEET Paper Leak: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह गुरुवार को एक संसदीय समिति के सामने पेश हुए। इस दौरान, समिति ने एनटीए की परीक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने के उपायों पर स्पष्टीकरण मांगा।

Image

एनटीए के डायरेक्टर जनरल संसदीय समिति के सामने हुए पेश

Photo : ANI

NEET Paper Leak: नीट पेपर लीक को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के डायरेक्टर जनरल (DG) अभिषेक सिंह गुरुवार को एक संसदीय समिति के सामने पेश हुए। उन्होंने नीट यूजी पेपर लीक प्रक्रिया में सुधार के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

सूत्रों के मुताबिक, एनटीए के डीजी से तीखे सवाल पूछे गए। उनसे पूछा गया कि नीट पेपर लीक का जिम्मेदार कौन है? संसदीय समिति के सदस्यों ने पूछा कि इतने बड़े पेपर लीक के लिए जवाबदेही किसकी है? इस पर एनटीए के डीजी अभिषेक सिंह ने उन्हें बताया कि परीक्षा का पेपर उनके सिस्टम के माध्यम से लीक नहीं हुआ था।

5 घंटे तक चली बैठक

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, शिक्षा सचिव विनीत जोशी भी मौजूद रहे। यह चर्चा लगभग 5 घंटे तक चली, जो सुबह 11 बजे शुरू हुई थी। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, स्थायी समिति के सदस्यों ने नीट पेपर लीक और एनटीए की परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाने के तरीकों से जुड़े सवाल किए। उन्होंने कम्प्यूटर आधारित परीक्षा के बुनियादी ढांचे, परीक्षा की फ्रीक्वेंसी, अवधि और अन्य मापदंडों के बारे में जानकारी मांगी।

एनटीए के डीजी से ऐसे सवाल इसलिए पूछे गए, क्योंकि नीट अगले साल से कम्प्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली में बदल रही है। शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल मामलों की संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने कहा, ''बैठक सार्थक रही औऱ उन्हें सभी सदस्यों से सुझाव मिले।''

दिग्विजय सिंह ने कहा कि एनटीए परीक्षा जैसे जिन मुद्दों पर चर्चा हुई, उन सभी को लेकर सदस्य बेहत चिंतिंत हैं। साथ ही बताया कि वह इस समय विशिष्ट विवरणों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे सकते हैं। भविष्य की योजनाओं और निष्कर्षों को कब प्रस्तुत किया जाएगा, इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "यह परिस्थितियों पर निर्भर करता है।''

कब होगी अगली बैठक

दिग्विजय सिंह से जब अगली बैठक की तारीख से जुड़ा सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ''देखते हैं।'' इस घटनाक्रम से परिचित सूत्रों ने बताया कि एनटीए के डायरेक्टर जनरल ने समिति को जांच की मौजूदा स्थिति और भविष्य के प्रोटोकॉल के बारे में जवाब दिए। बकौल सूत्र, समिति के सदस्यों ने नीट पेपर लीक 2026 से संबंधित तीखे सवाल पूछे और एनटीए की परीक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने के उपायों पर स्पष्टीकरण भी मांगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article