देश

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़- NEET पेपर हुआ रद्द तो सरकार पर भड़के अशोक गहलोत, जानें क्या है पेपर लीक का राजस्थान कनेक्शन

  • Agency by: Agency
  • Updated May 12, 2026, 01:23 PM IST

NEET UG 2026 Cancelled: नीट पेपर लीक को लेकर राजस्थान की एसओजी जांच कर रही है। एसओजी ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया है, जिसमें मास्टरमाइंड भी शामिल है।

Image

नीट पेपर लीक पर अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार को घेरा (फाइल फोटो- PTI)

NEET UG 2026 Cancelled: नीट यूजी पेपर 2026 के रद्द होने के बाद राजस्थान के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। अशोक गहलोत ने राजस्थान सरकार पर इस मामले को छिपाने का आरोप लगाया है। अशोक गहलोत ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।

अशोक गहलोत ने नीट पेपर लीक पर क्या-क्या कहा?

अशोक गहलोत ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा- "NEET (UG) प्रवेश परीक्षा का रद्द होना यह दर्शाता है कि इस पेपर में बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई थी। राजस्थान की भाजपा सरकार ने जानबूझकर दो सप्ताह तक इसे छिपाने की कोशिश की और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा रद्द कर और सीबीआई को जांच सौंपकर युवाओं के हित में एक साहसिक निर्णय लिया है।

अशोक गहलोत ने राजस्थान सरकार को घेरा

आगे अशोक गहलोत ने राजस्थान सरकार को घेरते हुए लिखा- "राजस्थान की भाजपा सरकार ने पहले कर्मचारी चयन बोर्ड में हुए OMR शीट घोटाले को छिपाया, ताकि सरकार की बदनामी न हो। कमजोर पैरवी के कारण उस मामले के आरोपियों को जमानत भी मिल गई। इसी प्रकार, अब NEET (UG) परीक्षा लीक की जानकारी को भी छिपाने का प्रयास किया गया और एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई। अब सच्चाई सामने आ गई है और भाजपा सरकार का असली चेहरा बेनकाब हो गया है।"

नीट पेपर लीक का राजस्थान कनेक्शन?

राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) की अभी तक इस मामले की जांच कर रही है। इस पूरे मामले का केंद्र केरल और राजस्थान का सीकर जिला हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार नीट पेपर लीक मामले में एसओजी ने अब तक करीब डेढ़ दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। सोमवार को एसओजी ने इस मामले के एक कथित मास्टरमाइंड मनीष को जयपुर से हिरासत में लिया। एसओजी अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर केरल से होते हुए किन-किन राज्यों में और कहां-कहां बेचा गया। साथ ही, इस दौरान कितनी रकम का लेनदेन हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है। आरोप है कि मनीष ने लीक हुए सवालों में अन्य प्रश्न जोड़कर एक “क्वेश्चन बैंक” तैयार किया था।

End of Article