देश

'विधायक सुरक्षित नहीं तो आम जनता कैसे?', ओडिशा की कानून-व्यवस्था पर नवीन पटनायक ने उठाए सवाल, सीएम को लिखा पत्र

Naveen Patnaik: ओडिशा के नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पत्र लिखकर राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेडी विधायक को पंचायत समिति की बैठक में जाने से रोका गया।

Image

मुख्यमंत्री मोहन माझी को नवीन पटनायक ने लिखा पत्र

Photo : ANI

Naveen Patnaik: ओडिशा की राजनीति में कानून-व्यवस्था का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष, पूर्व सीएम और बीजू जनता दल (बीजेडी) प्रमुख नवीन पटनायक ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी (Mohan Majhi) को पत्र लिखकर राज्य की बिगड़ती स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेडी विधायक रनेंद्र प्रताप स्वैन के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें एक सरकारी बैठक में जाने से रोका गया। नवीन पटनायक ने अपने पत्र में कहा कि अथागढ़ विधानसभा क्षेत्र के टिगिरिया ब्लॉक में यह घटना हुई। उनके अनुसार, विधायक रनेंद्र प्रताप स्वैन 22 मई को टिगिरिया पंचायत समिति की बैठक में शामिल होने जा रहे थे।

पटनायक ने भाजपा समर्थित लोगों पर लगाया आरोप

इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया, डराने की कोशिश की और आगे बढ़ने नहीं दिया। पटनायक ने आरोप लगाया कि इस घटना में भाजपा समर्थित लोगों का हाथ है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक विवाद नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है। उनका कहना है कि अगर जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं। नवीन पटनायक ने मुख्यमंत्री से मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और राज्य के सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

कानून-व्यवस्था की बड़ी विफलता-बीजेडी

इस मुद्दे को लेकर नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा कि अगर जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारियां निभाते समय सड़कों पर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, तो यह आम जनता के लिए भी चिंता की बात है। राज्य में इस घटना को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। बीजेडी इस मामले को कानून-व्यवस्था की बड़ी विफलता बता रही है, जबकि भाजपा की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा ओडिशा की राजनीति में और ज्यादा चर्चा का विषय बन सकता है।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article