देश

भारत का सबसे अनोखा रेलवे स्टेशन, टिकट महाराष्ट्र में मिलता है, गुजरात में बैठते हैं स्टेशन मास्टर

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 11, 2023, 04:37 PM IST

महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में नवापुर रेलवे स्टेशन एक अनूठा रेलवे स्टेशन है जिसका एक हिस्सा गुजरात के तापी जिले में और दूसरा हिस्सा महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में है।

Image

नवापुर रेलवे स्टेशन (Twitter)

Navapur railway station: भारतीय रेलवे सिर्फ जगहों को ही नहीं, लोगों के दिलों को भी जोड़ती है। देश में ऐसा ही एक स्टेशन है जो ठीक दो राज्यों के बीच स्थित है और कुछ कदम चलते ही दूसरा राज्य शुरू हो जाता है। ये अनूठा स्टेशन महाराष्ट्र और गुजरात के बीच में है और इसका नाम है नवापुर रेलवे स्टेशन। आज हम आपको इसी स्टेशन के बारे में जानकारी दे रहे हैं।

एक हिस्सा गुजरात में, दूसरा हिस्सा महाराष्ट्र में

महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में नवापुर रेलवे स्टेशन एक अनूठा रेलवे स्टेशन है जिसका एक हिस्सा गुजरात के तापी जिले में और दूसरा हिस्सा महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में है। यह गुजरात और महाराष्ट्र की सीमा को एक साथ छूने वाला एकमात्र रेलवे स्टेशन है। नवापुर रेलवे स्टेशन को दो राज्यों में बांटे जाने के पीछे भी एक कहानी है। दरअसल जब यह स्टेशन बना था तब महाराष्ट्र और गुजरात का बंटवारा नहीं हुआ था, लेकिन 1 मई 1961 को जब मुंबई प्रांत का बंटवारा हुआ तो इसे दो राज्यों महाराष्ट्र और गुजरात में बांट दिया गया।

बेंच का आधा हिस्सा महाराष्ट्र में और आधा गुजरात में

इसी बंटवारे में दोनों राज्यों के बीच नवापुर स्टेशन आया और तभी से इसकी एक अलग पहचान बन गई। इस स्टेशन पर एक बेंच भी है, जिसका आधा हिस्सा महाराष्ट्र में और आधा गुजरात में है। इस बेंच पर बैठने वालों को यह ध्यान रखना होता है कि वे किस राज्य में बैठे हैं, इस स्टेशन पर एक सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है, जहां दूर-दूर से लोग फोटो खिंचवाने आते हैं।

टिकट खिड़की महाराष्ट्र में, स्टेशन मास्टर गुजरात मेंइस स्टेशन की टिकट खिड़की महाराष्ट्र में पड़ती है, जबकि स्टेशन मास्टर गुजरात में बैठते हैं। इतना ही नहीं इस स्टेशन पर चार अलग-अलग भाषाओं में अनाउंसमेंट भी होता है। जानकारी चार भाषाओं हिंदी, गुजराती अंग्रेजी और मराठी में भी लिखी गई है। इसलिए महाराष्ट्र और गुजरात दोनों से आने वाले यात्रियों को समझना आसान है। नवापुर रेलवे स्टेशन की कुल लंबाई 800 मीटर है, इसमें से 300 मीटर महाराष्ट्र में और 500 मीटर गुजरात में पड़ता है। इस स्टेशन में तीन प्लेटफार्म और चार रेलवे ट्रैक हैं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article