देश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से नरेंद्र मोदी ने की मुलाकात, सरकार बनाने का मिला निमंत्रण

Delhi News: प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के लिए नरेंद्र मोदी को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने निमंत्रण दे दिया है। शुक्रवार की शाम मोदी ने मुर्मू से मुलाकात की। इससे पहले मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता चुना गया। नेता चुने जाने के बाद उन्होंने आडवाणी और जोशी से घर जाकर मुलाकात की।

Image

मोदी को मिला सरकार बनाने का निमंत्रण

Photo : Times Now Digital

Modi Sarkar 3.0: देश के इतिहास में ऐसा दूसरी बार होने जा रहा है, जब कोई प्रधानमंत्री लगातार तीसरी बार गद्दी संभालने जा रहा है। इससे पहले जवाहरलाल नेहरू ने लगातार तीन बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। अब नरेंद्र मोदी उस रिकॉर्ड की बराबरी करने जा रहे हैं। मोदी रविवार 9 जून की शाम 6 बजे प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।

राष्ट्रपति मुर्मू से मिले नरेंद्र मोदी

सरकार गठन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। शुक्रवार को राजग संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद मोदी ने आडवाणी और जोशी से मुलाकात की।

आडवाणी और जोशी से मिले मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने का दावा पेश करने से पहले शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से उनके आवास पर मुलाकात की। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल का नेता, भाजपा संसदीय दल का नेता और लोकसभा में भाजपा का नेता चुने जाने के तुरंत बाद मोदी ने आडवाणी से मुलाकात की।

आडवाणी से मुलाकात के बाद वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष जोशी के आवास पर गए।

रामनाथ कोविंद से भी की मुलाकात

मोदी ने इसके बाद पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मुलाकात की। मोदी बाद में राष्ट्रपति भवन जाएंगे जहां वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। जिसके बाद उन्हें मुर्मू ने सरकार बनाने का निमंत्रण दिया। पिछले दिनों संपन्न लोकसभा चुनाव में 543 सदस्यीय लोकसभा में भाजपा को 240 सीटें मिली हैं, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 293 सीटें मिली हैं। राजग की सीटों की संख्या बहुमत के जादुई आंकड़े से अधिक है।

तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की लेंगे शपथ

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता प्रह्लाद जोशी ने यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की बैठक में कहा कि नरेंद्र मोदी रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। जोशी ने पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में जुटे राजग नेताओं को बताया कि शपथ ग्रहण समारोह नौ जून को शाम छह बजे होगा। बैठक में राजग सांसदों के अलावा गठबंधन के मुख्यमंत्रियों सहित वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा की ओर से मोदी के नेतृत्व में भरोसा जताने संबंधी प्रस्ताव पेश करने तथा सहयोगी दलों और सांसदों द्वारा इसका समर्थन किये जाने की संभावना है।

सहयोगी दलों ने सौंपा समर्थन पत्र

गठबंधन के कुछ सहयोगियों ने बताया कि मोदी के राजग संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू, जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख नीतीश कुमार और शिव सेना के एकनाथ शिंदे सरीखे गठबंधन के वरिष्ठ सदस्य राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें समर्थन देने वाले सांसदों की सूची सौंप दिया।

राजग के पास 293 सांसद हैं, जो 543 सदस्यीय लोकसभा में बहुमत के 272 के आंकड़े से अधिक है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने सरकार गठन के प्रयासों को गति देने के लिए गठबंधन सहयोगियों के साथ लगातार विचार-विमर्श किया है।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article