नॉर्थ ईस्ट के नागालैंड (Nagaland) में मंगलवार (चार जुलाई, 2023) को बड़ा दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। दीमापुर (Dimapur) के चोमुकेडिमा (Chumoukedima) के पास एक भारी-भरकंप चट्टान पहाड़ से आकर कार पर गिर गई। दर्दनाक हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी बताए गए।
पुलिस के हवाले समाचार एजेंसी एएनआई ने घटना का जो पांच सेकेंड्स का वीडियो साझा किया वह चौंकाने वाला है। फुटेज में बारिश के बीच एक काले रंग की कार खड़ी नजर आ रही थी, तभी उस पर एक चट्टान आकर गिरी और उसे कुचलते या रौंदते हुए चली गई। जिस वक्त वह चट्टान कार पर गिरी थी तब ऐसा लग रहा था मानो कार पिचक गई हो और किसी ने उसे गेंद की तरह फेंका हो।
चट्टान जब उसे अपना शिकार बनाकर आगे बढ़ी तो उस कार के अंजर-पंजर अलग नजर आए। रोचक बात यह है कि काली कार के बाजू में सफेद रंग की एक वैगनआर भी थी और चट्टान ने उसे भी अपना शिकार बनाया। वह कार भी पलट गई थी। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि वह उतना बुरी तरह चपेट में नहीं आई। यह हादसा लैंडस्लाइड (भूस्खलन) के चलते हुआ।
