Water Shortage in Thane: मुंबई के बाद अब पड़ोसी शहर ठाणे के नागरिकों को भी भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा। ठाणे महानगरपालिका ने शहर के उन तमाम इलाकों में 10 फीसदी (10%) पानी कटौती लागू करने की घोषणा की है, जहां बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) द्वारा पानी की सप्लाई की जाती है। यह कटौती तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है और अगले आदेश तक जारी रहेगी।
क्यों लिया गया यह फैसला?
मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले 7 प्रमुख जलाशयों (झीलों) में पानी का स्टॉक काफी नीचे गिर गया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए BMC ने 15 मई से ही मुंबई में 10 प्रतिशत पानी कटौती लागू कर दी थी।ठाणे के भी कई हिस्सों में BMC के नेटवर्क से पानी जाता है, इसलिए महाराष्ट्र सरकार के निर्देशों और एल नीनो (El Niño) व इंडियन ओशन डिपोल (IOD) के कारण इस साल कमजोर मानसून की आशंका को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है ताकि जलाशयों का पानी लंबे समय तक चल सके।
ठाणे के इन प्रमुख इलाकों पर पड़ेगा असर
ठाणे महानगरपालिका के अनुसार, इस फैसले से ठाणे की चार प्रमुख प्रभाग समितियों के अंतर्गत आने वाले इलाके प्रभावित होंगे:
नौपाडा-कोपरी प्रभाग समिति: हाजुरी, लुईसवाडी, नामदेववाडी, आनंदनगर, गावदेवी जलकुंभ, टेंभी बंगला जलकुंभ, कोपरी धोबीघाट, कन्हैया नगर जलकुंभ, कोपरी, नौपाडा और पांचपाखाडी।
वागळे प्रभाग समिति: किसननगर नंबर 1 व 2, शिवाजीनगर, पडवळनगर, भटवाडी और अंबिका नगर।
लोकमान्य सावरकरनगर प्रभाग समिति: साईनाथ नगर, रामचंद्र नगर, जिजामाता नगर, ज्ञानेश्वर नगर, करवाळो नगर और इंदिरानगर।
माजीवाडा-मानपाडा प्रभाग समिति: बाळकुम पाडा नंबर 1 व 2, लक्ष्मी नगर, आंबेडकर नगर और गांधीनगर।
प्रशासन की नागरिकों से अपील
ठाणे महानगरपालिका के पानी आपूर्ति विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का इस्तेमाल बेहद काटकसर (सीमित और सोच-समझकर) से करें और बेवजह पानी बर्बाद न होने दें।
