देश

Goa Mumbai Vande Bharat Express: जानिए किराया, टाइमिंग और स्टॉपेज

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Jun 3, 2023, 08:20 AM IST

Mumbai-Goa Vande Bharat Express train: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को गोवा की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने वाले थे लेकिन ओडिशा में शुक्रवार को ट्रेन हादसा होने की वजह से इसे समारोह को रद्द कर दिया गया।। जानिए गोवा के मडगांव और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के बीच चलने वाली इस ट्रेन का किराया, टाइमिंग और स्टॉपेज।

Image

Mumbai Goa Vande Bharat: जानिए किराया, टाइमिंग और स्टॉपेज

Mumbai-Goa Vande Bharat Express train: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (03 जून 2023) को गोवा की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने वाले थे लेकिन ओडिशा में शुक्रवार को ट्रेन हादसा होने की वजह से इसे समारोह को रद्द कर दिया गया। यह देश की 19वीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन होगी जो गोवा के मडगांव और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के बीच चलेगी। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 3 जून को सुबह 10:30 बजे वीडियो कांफ्रेंस के जरिये मडगांव रेलवे स्टेशन से गोवा की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन समारोह के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत मडगाँव स्टेशन पर मौजूद रहेंगे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन के शनिवार को उद्घाटन समारोह में शाम करीब साढ़े छह बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पहुंचने की संभावना है।

Mumbai-Goa Vande Bharat Express train का स्टॉपेज

गोवा-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी। मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि ट्रायल रन के दौरान ट्रेन ने करीब 7.5 घंटे में 586 किमी की दूरी तय की थी। आमतौर पर थोड़ा अधिक समय लगेगा। इसके 7 स्टेशनों दादर, ठाणे, पनवेल, खेड़, रत्नागिरी, कंकावली और थिविम पर रुकने की संभावना है अधिकारी ने कहा कि ट्रेन की गति 120 किमी प्रति घंटे तक होगी।

Mumbai-Goa Vande Bharat Express train की टाइमिंग

सेमी-हाई स्पीड ट्रेन की नियमित सेवा अगले सप्ताह से शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि इसकी नियमित टाइम टेबल जारी नहीं की गई है, आठ कोच वाली ट्रेन के मुंबई के CSMT से सुबह 5:25 बजे शुरू होने की उम्मीद है और दोपहर 1:15 बजे मडगांव पहुंचेगी। वापसी में यह मडगांव से दोपहर 2:35 बजे चलकर रात 10:25 बजे CSMT पहुंचेगी।

Mumbai-Goa Vande Bharat Express train का किराया

गोवा-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के किराये की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन cntraveller.in के मुताबिक एसी चेयर कार के लिए टिकट की कीमत 1100-1600 रुपए के बीच हो सकती है और एक्जीक्यूटिव क्लास श्रेणी के लिए यह 2,000- 2,800 रुपए के बीच हो सकती है।

Mumbai-Goa Vande Bharat देश की 19वीं वंदे भारत ट्रेन

पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री के 'मेक इन इंडिया' और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को साकार करते हुए अत्याधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, क्षेत्र के लोगों को तेज गति के साथ आराम से यात्रा करने की सुविधा प्रदान करेगी और इससे मुंबई-गोवा मार्ग के बीच संपर्क में सुधार भी होगा। इसमें कहा गया कि वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन देश में चलने वाली 19वीं वंदे भारत ट्रेन है। मोदी ने 29 मई को असम की पहली और देश की 18वीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

Mumbai-Goa Vande Bharat 7.5 घंटे में पूरी करेगी यात्रा

पीएमओ ने कहा कि यह ट्रेन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और गोवा के मडगांव स्टेशन की दूरी करीब 7.5 घंटे में पूरी करेगी और दोनों स्थानों को जोड़ने वाली वर्तमान सबसे तेज ट्रेन की तुलना में यात्रा के समय को बचाने में मदद करेगी। पीएमओ ने कहा कि विश्व स्तरीय सुविधाओं और टैक्नोलॉजी सहित उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से लैस स्वदेश निर्मित ट्रेन दोनों राज्यों में पर्यटन को भी बढ़ावा देगी।

मुंबई का चौथा और महाराष्ट्र का 5वां वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन

गोवा-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस महाराष्ट्र की 5वीं और मुंबई की चौथी सेमी-हाई स्पीड ट्रेन होगी। वर्तमान में, वंदे भारत ट्रेनें मुंबई-शिरडी, मुंबई-सोलापुर मुंबई गांधीनगर और नागपुर-बिलासपुर रूटों पर चलती हैं।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article