देश

Weather Update: हिमाचल-असम में बाढ़ और भूस्खलन से हाहाकार, Delhi में भारी बारिश; आते ही आफत लाया मानसून

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 27, 2023, 07:44 AM IST

Weather Update: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते कई जिले बाढ़ की चपेट में है। भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं और इस कारण पहाड़ों पर लंबा जाम लग चुका है। ऐसा ही हाल असम का भी है। यहां भी मूसलाधार बारिश के कारण 15 जिलों में भूस्खलन और बाढ़ जैसी स्थिति है।

Image

हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन

Photo : PTI

Weather Update: राजधानी दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में मानूसनी गतिविधियां शुरू हो गई हैं। मानसून ने आते ही कहीं राहत की बारिश की है तो कई राज्यों में भारी बारिश के कारण हाहाकार मचा हुआ है। सबसे बुरा हाल हिमाचल प्रदेश का है। यहां भारी बारिश के चलते कई जिले बाढ़ की चपेट में है। भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं और इस कारण पहाड़ों पर लंबा जाम लग चुका है।

ऐसा ही हाल असम का भी है। यहां भी मूसलाधार बारिश के कारण 15 जिलों में भूस्खलन और बाढ़ जैसी स्थिति है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ को उतारा गया है। मध्य प्रदेश में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है। वहीं राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां देर रात जमकर बारिश हुई है। मंगलवार सुबह भी बादल छाए हुए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली-NCR के इलाकों में आज भी मध्यम बारिश हो सकती है।

पहाड़ों पर लगा लंबा जाम

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते शिमला में कई जगहों पर लैंडस्लाइड हुआ है। इस कारण कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सैलानियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोलन और शिमला के बीच भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड हुआ है। मलवे के साथ बड़े-बड़े पत्थर हाईवे पर आ गिरे, जिसकी वजह से हाईवे को वन-वे कर दिया गया है। वहीं, रामपुर तहसील के सरपारा गांव में बादल फटने की सूचना है। कांगड़ा में भी भारी बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों में भरा पानी। मंडी में हनोगी मंदिर के पास अचानक आई बाढ़ के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 3 को भी बंद कर दिया है। कुल्लू में मूसलाधार बारिश के कारण मोहाल खड्ड में बाढ़ आ गई।

उत्तराखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भारी बारिश का अनुमान जताया है। आज से देहरादून समेत सात जिलों में अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार में पिछले 24 घंटे से हो रही लगातार बारिश के वजह से शहर की सड़कें जलमग्न हो चुकी हैं। रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश के कारण सोनप्रयाग में केदारनाथ यात्रा पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर आये नाले के पानी के तेज बहाव में यात्री फंस गए हैं। उत्तरकाशी में देर रात से तेज बारिश का सिलसिला जारी है, इस कारण भागीरथी नदी व नाले उफान पर हैं। कई मकानों दरार की सूचना है।

पंजाब-हरियाणा में भी भारी बारिश

पंजाब और हरियाणा में भी भारी बारिश हुई है। अमृतसर में मानसून की पहली बरसात से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। तेज़ बारिश से श्री हरमंदिर साहिब परिसर में पानी भर गया है। पंचकुला में खड़क मंगोली में भारी बारिश के चलते नदी उफान पर है।

असम के 15 जिले बाढ़ की चपेट में

मानसून की भारी बारिश की वजह से असम के 15 जिले बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में हैं। स्थानीय प्रशासन के अलावा एनडीआरएफ की 15 टीम राहत और बचाव कार्य में लगी हैं। अब तक 123 लोगों सहित अनेक जानवरों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, स्थानीय प्रशासन की ओर से राहत सामिग्री भी बांटी जा रही है।

महाराष्ट्र में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने मुंबई के तटीय इलाकों में अगले 4-5 दिनों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मुंबई के मिलन सबवे में जलभराव हो गया है। सिंधुदुर्ग जिले में तेज बारिश के बीच कणकवली कॉलेज रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक पर अचानक पेड़ टूटकर गिरा, ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

आज यहां-यहां होगी बारिश

आईएमडी के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, मानसून गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ और हिस्सों में आगे गबढ़ गया है। 27 जून को विदर्भ, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, केरल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, ओडिशा, झारखंड, पंजाब, कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। हिमाचल, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article