देश

राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त है कांग्रेस, अवैध प्रवासियों को असम में बसाना चाहती है: मोदी

मोदी ने कहा कि कांग्रेस मतदाता सूची में संशोधन का विरोध कर रही है क्योंकि वह केवल सत्ता हथियाना चाहती है... वह मेरे अच्छे कार्यों का विरोध करती है... भाजपा सरकार हमेशा असमिया लोगों की पहचान, भूमि, गौरव और अस्तित्व की रक्षा के लिए काम करती रहेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त है।

Image

असम में पीएम मोदी की रैली (ANI)

Modi in Assam: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी 'राष्ट्रविरोधी' गतिविधियों में लिप्त है और असम में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को बसाने में मदद कर रही है। असम में डिब्रूगढ़ जिले के नामरूप में 10,601 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उर्वरक संयंत्र का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने यहां पुराने संयंत्र को आधुनिक बनाने और किसानों की समस्याओं का समाधान ढूंढ़ने के लिए कोई प्रयास नहीं किया।

प्रधानमंत्री ने कहा, 'कांग्रेस राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त है। वह अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों को असम में बसाने की कोशिश कर रही है।' उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी पार्टी का असमिया लोगों की पहचान, अस्तित्व और गौरव से कोई लेना-देना नहीं है, जिसे भाजपा ने बचाने की कोशिश की है।

'कांग्रेस मतदाता सूची में संशोधन का विरोध कर रही...'

मोदी ने कहा, 'कांग्रेस मतदाता सूची में संशोधन का विरोध कर रही है क्योंकि वह केवल सत्ता हथियाना चाहती है... वह मेरे अच्छे कार्यों का विरोध करती है... भाजपा सरकार हमेशा असमिया लोगों की पहचान, भूमि, गौरव और अस्तित्व की रक्षा के लिए काम करती रहेगी।'

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य असम को उतना शक्तिशाली बनाना है जितना कि वह अहोम साम्राज्य के समय हुआ करता था। मोदी ने कहा, 'औद्योगीकीकरण और कनेक्टिविटी असम के सपनों को पूरा कर रहे हैं। भाजपा की 'डबल-इंजन' सरकार युवाओं को नए सपने देखने के लिए सशक्त बना रही है।'

'किसानों को मदद मिलेगी...'

उन्होंने यह भी कहा कि नामरूप यूरिया संयंत्र से स्थानीय किसानों को मदद मिलेगी और असम के युवाओं के लिए हजारों नौकरियां सृजित होंगी। प्रधानमंत्री ने कहा, 'नामरूप उर्वरक संयंत्र असम में औद्योगिक विकास का प्रतीक बनेगा। यह दुख की बात है कि कांग्रेस ने संयंत्र को आधुनिक बनाने और किसानों की समस्याओं का समाधान ढूंढ़ने के लिए कोई प्रयास नहीं किया।'

उन्होंने यह भी कहा कि भारत तभी प्रगति कर पाएगा जब किसान समृद्ध होंगे, और भाजपा सरकार ने उनके विकास के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। मोदी ने कहा, 'कांग्रेस शासन के दौरान कई उर्वरक कारखाने बंद हो गए थे। जब हम सत्ता में आए, तो भाजपा सरकार ने पूरे देश में कई नए संयंत्र स्थापित किए।' प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के पाम ऑयल मिशन से पूर्वोत्तर को खाद्य तेल में आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी और आने वाले दिनों में किसानों की आय बढ़ेगी।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article