देश

Messi Kolkata Event: 'माफी मांगने से क्या होगा?' साल्ट लेक स्टेडियम में बवाल के बाद ममता की माफी पर सियासत तेज

मेसी के कोलकाता में इवेंट के दौरान सॉल्ट लेक स्टेडियम में बवाल के बाद सीएम ममता बनर्जी ने खेल प्रशंसकों से माफी भी मांगी है, जिस पर सियासत शुरू हो गई है। भाजपा ने जहां ममता को घड़ियाली आंसू बहाने वाला करार दिया है, वहीं कांग्रेस के बंगाल प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा है कि ममता की माफी बस दिखावा है।

Image

कोलकाता स्टेडियम में भारी बवाल

Photo : PTI

दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी के इंडिया टूर की शुरुआत कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम से हुई। लेकिन मेसी को न देख पाने से नाराज फैंस ने यहां तोड़-फोड़ मचा दी। घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं, इनमें मेसी के प्रशंसकों को कुर्सियां आदि तोड़ते देखा जा रहा है। उनका आरोप है कि उन्होंने इस इवेंट के लिए काफी महंगे टिकट खरीदे थे, लेकिन वे मेसी को देख तक नहीं पाए। कई वीआईपी दिग्गज फुटबॉलर के आस-पास थे, और मेसी भी इवेंट से बहुत जल्दी निकल गए। ऐसे में उनके साथ धोखा हुआ है। वहीं, इस बवाल के बाद सीएम ममता बनर्जी ने खेल प्रशंसकों से माफी भी मांगी है, जिस पर सियासत शुरू हो गई है। भाजपा ने जहां ममता को घड़ियाली आंसू बहाने वाला करार दिया है, वहीं कांग्रेस के बंगाल प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा है कि ममता की माफी बस दिखावा है।

कांग्रेस ने ममता को घेरा

मेसी के कार्यक्रम में हुई अफरा-तफरी पर पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने ममता बनर्जी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि माफी मांगने से क्या होगा? सरकार ने एक हाई-प्रोफाइल खिलाड़ी को आमंत्रित किया था और अगर लोग आए थे,तो उन्हें भी व्यवस्था करनी चाहिए थी। उनके ठहरने की व्यवस्था होनी चाहिए थी ताकि दर्शकों को भी संतुष्टि मिले और राज्य का भी नाम रोशन हो। ऐसे व्यक्ति को आमंत्रित करके कोई व्यवस्था न करना सरकार का कुप्रबंधन है। यह खेल मंत्रालय की भी पूरी तरह से विफलता है।

भाजपा ने भी बोला हमला

इतना ही नहीं, भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई ने भी मेसी के इवेंट में हुई अफरा-तफरी पर प्रतिक्रिया दी है। साथ ही तृणमूल सरकार पर कुप्रबंधन का आरोप भी लगाया कहा कि उसने बंगाल की ऐतिहासिक फुटबॉल संस्कृति को खत्म कर दिया है। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अमित मालवीय ने भी इस घटना को राज्य के लिए बहुत बड़ी शर्मिंदगी और बड़ा घोटाला बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि 70 फुट का स्टैच्यू लगाने के बाद राजनीतिक कारणों से मेसी को कोलकाता लाया गया। यहां 8,000 से 10,000 रुपये देने वाले टिकट खरीदने वालों को गुमराह किया गया।

ममता ने मांगी माफी

इससे पहले, सूबे की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने फुटबॉल आइकन लियोनेल मेसी के इवेंट के दौरान कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुई अव्यवस्था पर माफी मांगी थी। उन्होंने कहा कि यह परेशान करने वाला है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि वह हजारों फुटबॉल प्रेमियों के साथ विवेकानंद युवाभारती क्रीड़ांगन जा रही थीं, तभी अव्यवस्था और भीड़ के हंगामे की खबरें आईं। सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुई अव्यवस्था से मैं बहुत परेशान और हैरान हूं। मैं इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए लियोनेल मेसी, साथ ही सभी खेल प्रेमियों और उनके फैंस से दिल से माफी मांगती हूं।

जांच कमेटी भी बनाई गई

साथ ही मुख्यमंत्री ने कलकत्ता हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस असीम कुमार रे की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल जांच कमेटी बनाने की घोषणा भी की। इसमें कमेटी में राज्य के मुख्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह और पहाड़ी मामले) सदस्य होंगे। इस पैनल को मामले की विस्तृत जांच करने, जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुधारात्मक उपायों की सिफारिश करने का काम सौंपा गया है।

तीन दिन के इंडिया टूर पर हैं मेसी

मेसी तीन दिनों के भारत दौरे पर हैं जिसकी शुरुआती कोलकाता से हुई। उनका यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब भारतीय फुटबॉल अपने सबसे खराब दौर से गुजर रहा है। भारत फीफा रैंकिंग में 142वें स्थान पर खिसक गया है जो 2016 के बाद उनकी सबसे खराब रैंकिंग है। यही नहीं मौजूदा सत्र का लगभग आधा समय बीत जाने के बाद बावजूद घरेलू फुटबॉल की शीर्ष प्रतियोगिता (इंडियन सुपर लीग) शुरू होने को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!