देश

मेघालय: खदान में फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए चल रहा बचाव कार्य, मृतकों के परिजनों को मुआवजा देगी असम सरकार

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में एक कोयला खदान में विस्फोट से हुई खनिकों की मौत पर बृहस्पतिवार को दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की दो टीम रवाना हो चुकी हैं जबकि एक टीम वहां पहुंच चुकी है।

Image

मेघालय में खदान में हुआ विस्फोट।

Photo : PTI

Meghalaya mine blast: मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में गुरुवार को एक कोयला खदान में हुए विस्फोट में 18 श्रमिकों की मौत हुई है। खदान में और मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। खदान में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है। मृतकों में तीन मजदूर असम के रहने वाले थे।

खदान में विस्फोट होने से 18 खनिकों की हुई मौत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में एक कोयला खदान में विस्फोट से हुई खनिकों की मौत पर बृहस्पतिवार को दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की दो टीम रवाना हो चुकी हैं जबकि एक टीम वहां पहुंच चुकी है। इस खदान में विस्फोट होने से 18 खनिकों की मौत हो गई । शाह ने राज्य को केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया।

एक अवैध कोयला खदान में हुआ विस्फोट

पूर्वी जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि यह विस्फोट थांगस्कू क्षेत्र के म्यंसिंगट में स्थित एक अवैध कोयला खदान में हुआ। इस प्रकार का खदान ’रैट होल माइन’ के नाम से भी जाना जाता है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने इस प्रकार के खनन पर प्रतिबंध लगा रखा है। कुमार ने बताया कि घटनास्थल से कुल 18 शव बरामद किए गए हैं। गृहमंत्री ने ’एक्स’ पर लिखा, 'मेघालय के दुखद हादसे में हुई जनहानि से मैं बहुत दुखी हूं। एनडीआरएफ की एक टीम पहुंच चुकी है तथा दो और टीम रास्ते में हैं। मैंने मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनरड संगमा जी से बात की और उन्हें केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।’

हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक पोस्ट में मोदी के हवाले से कहा, 'मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स में हुई दुर्घटना से मैं व्यथित हूं। अपनों को खोने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।' मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया और जांच की घोषणा की। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और एक विशेष बचाव दल (एसआरटी) की टीमें घटनास्थल पर तैनात कर दी गई हैं और बचाव अभियान जारी है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article