Janjati Saanskritik Samagam: दिल्ली के लाल किला मैदान में 24 मई को एक बड़ा जनजातीय सांस्कृतिक समागम आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में देशभर से आदिवासी समाज के करीब एक लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर राजधानी में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को खास तौर पर मजबूत किया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने लोगों के लिए नई एडवाइजरी (Delhi traffic diversion) जारी करते हुए कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू करने की जानकारी दी है। यह कार्यक्रम जनजाति जागृति समिति की ओर से आयोजित किया जा रहा है।
दोपहर से कई मुख्य सड़कों पर यातायात रहेगा प्रभावित
इसके तहत दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से कई शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जो आखिर में लाल किला पहुंचेंगी। ये यात्राएं श्यामगिरी मंदिर, रामलीला मैदान, राजघाट, कुदेसिया पार्क और अजमेरी गेट जैसे स्थानों से शुरू होंगी। बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ निकलने से मध्य और उत्तर दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक पर असर पड़ सकता है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, दोपहर से कई मुख्य सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा।
इन मार्गों पर बंद रहेगा ट्रैफिक
इनमें जीटी करनाल रोड, बुलेवार्ड रोड, शमनाथ मार्ग, लोथियन रोड, नेताजी सुभाष मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, आसफ अली रोड और निषाद राज मार्ग जैसी सड़कें शामिल हैं। खासतौर पर दिल्ली गेट चौक से छत्ता रेल तक नेताजी सुभाष मार्ग पर दोपहर 12 बजे से देर रात 3 बजे तक यातायात बंद रहेगा। इसके अलावा आईटीओ, मिंटो रोड, चावड़ी बाजार, राजपुरा रोड और देशबंधु गुप्ता रोड जैसे इलाकों में भी भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की संभावना जताई गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरी काम होने पर ही इन रास्तों का इस्तेमाल करें और वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और कश्मीरी गेट आईएसबीटी जाने वाले यात्रियों के लिए भी अलग रूट तय किए गए हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले घर से निकलें ताकि किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। दिल्ली में होने वाला यह कार्यक्रम आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और एकता को दिखाने वाला बड़ा आयोजन माना जा रहा है।
