'Marco Rubio Taj Mahal Visit: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोमवार को ताज महल का दीदार किया। उनके साथ उनकी पत्नी जीनेट डी. रुबियो भी ताज महल पहुचीं। समाचार एजेंसी एएनआई ने दंपती की कुछ तस्वीरें शेयर की है। एक तस्वीर में देखा जा सकता है कि दोनों ताज महल परिसर में मौजूद प्रसिद्ध 'डायना बेंच' पर बैठे हैं।
इस यात्रा के दौरान भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी उनके साथ थे। दुनिया के सात अजूबों में से एक ताजमहल, भारत आने वाले उच्च पदस्थ वैश्विक नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों को आकर्षित करता रहता है । पिछले साल, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने अपनी पत्नी उषा वैंस और अपने बच्चों विवेक, मिराबेल और इवान के साथ इस स्मारक का दौरा किया था।
आगरा रवाना होने से पहले उन्होंने भारतीय संस्कृति की जमकर तारीफ की थी। अमेरिकी विदेश मंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा, "मैं इससे पहले कभी ताजमहल नहीं आया। मैं तो केवल न्यू जर्सी वाले उस (ताजमहल कैसिनो) के बारे में जानता था जो कभी हमारे राष्ट्रपति (डोनाल्ड ट्रंप) का हुआ करता था। लेकिन यह असली ताजमहल दुनिया के अजूबों में से एक है।"
ट्रंप भी कर चुके हैं ताज महल का दीदार
ताजमहल का दौरा अतीत में कई अन्य वैश्विक नेताओं द्वारा भी किया जा चुका है, जिनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी शामिल हैं, जिन्होंने राष्ट्रपति के रूप में अपने पहले कार्यकाल के दौरान प्रथम महिला मेलानिया ट्रम्प के साथ इस स्मारक का दौरा किया था।

ताज महल परिसर में मौजूद ट्रंप और उनकी पत्नी की फोटो। ANI
आगरा के बाद जयपुर भी जाएंगे रुबियो
यात्रा के दौरान मार्को रूबियो जयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। वे आमेर महल और सिटी पैलेस देखने जाएंगे। आमेर महल के जलेब चौक पर उनका पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, रूबियो हाथी गांव का भी दौरा करेंगे, जहां वे वहां की गतिविधियों का जायजा लेंगे। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमेर महल को सोमवार दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक आम पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा।
