देश

प्रज्वल रेवन्ना के भाई को झूठे यौन उत्पीड़न मामले में फंसाने की धमकी, 2 करोड़ रुपये मांगने का आरोप

सूरज रेवन्ना पर आरोप लगाया गया है जो होलेनरसीपुरा के विधायक एच.डी. रेवन्ना के बेटे और हासन से पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के बड़े भाई हैं।

Image

सूरज रेवन्ना

Karnataka News: जनता दल (सेक्युलर) के एक कार्यकर्ता और उसके रिश्तेदार पर पार्टी के विधान पार्षद सूरज रेवन्ना के खिलाफ यौन उत्पीड़न का झूठा मामला दर्ज करने की धमकी देकर कथित तौर पर रुपये ऐंठने की कोशिश करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। सूरज रेवन्ना के करीबी सहयोगी शिवकुमार ने शुक्रवार को इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी, जिसके आधार पर चेतन के.एस. और उसके रिश्तेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। चेतन ने भी शुक्रवार को पुलिस को शिकायत दी, जिसमें उसने सूरज रेवन्ना पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया।

प्रज्वल के बड़े भाई हैं सूरज रेवन्ना

सूरज रेवन्ना होलेनरसीपुरा के विधायक एच.डी. रेवन्ना के बेटे और हासन से पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के बड़े भाई हैं। प्रज्वल रेवन्ना कई महिलाओं का कथित यौन उत्पीड़न करने के आरोप में पुलिस हिरासत में है। अपनी शिकायत में शिवकुमार ने आरोप लगाया कि चेतन ने पहले उनसे दोस्ती की और सूरज रेवन्ना ब्रिगेड के लिए काम करने लगा। हाल में चेतन ने पारिवारिक खर्चों के लिए रुपये मांगे तो शिवकुमार ने इनकार कर दिया, जिसके बाद आरोपी ने सूरज रेवन्ना पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दायर करने की धमकी दी।

दो करोड़ रुपये मांगने का आरोप

शिवकुमार ने दावा किया कि चेतन ने पांच करोड़ रुपये मांगे जिसे बाद में घटाकर दो करोड़ रुपये कर दिया। शिकायत के आधार पर, पुलिस ने चेतन और उसके रिश्तेदार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 384 (जबरन वसूली), 506 (आपराधिक धमकी) और 34 (साजिश में अन्य लोगों की संलिप्तता) के तहत मामला दर्ज किया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!