देश

चुनावी हलचल के बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को गोली मारने की धमकी, अरुणाचल से आरोपी गिरफ्तार

असम में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को गोली मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को अरुणाचल प्रदेश के नाहरलागुन से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कथित तौर पर व्हाट्सऐप और ईमेल के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे थे, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

Image

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा (फोटो: एएनआई)

Photo : ANI

Assam News: असम में विधानसभा चुनाव (Assam Assembly Election 2026) को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को गोली मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को अरुणाचल प्रदेश के नाहरलागुन इलाके से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान डोलाहफुलबाड़ी गांव के रहने वाले 29 वर्षीय कृष्णा डोर्नाल के रूप में हुई है। उसे गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और धमकी से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

मुख्यमंत्री शर्मा को भेजा धमकी भरा संदेश

ईटानगर कैपिटल रीजन के पुलिस अधीक्षक न्येलम नेगा ने बताया कि असम पुलिस से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार आरोपी ने व्हाट्सऐप के जरिए मुख्यमंत्री शर्मा को धमकी भरा संदेश भेजा था। पूछताछ में डोर्नाल ने पुलिस को बताया कि उसने एक शराब की दुकान से पैसे का गबन किया था। जब दुकान मालिक ने उससे पैसों का हिसाब मांगा, तो उसने असम के मुख्यमंत्री के आधिकारिक ईमेल पर पैसे की मांग करते हुए संदेश भेज दिया।

सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील

पुलिस के अनुसार जब आरोपी को किसी तरह का जवाब नहीं मिला, तो उसने इंटरनेट से एक व्हाट्सऐप नंबर ढूंढकर मुख्यमंत्री को धमकी भरा संदेश भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के लिए उसे असम पुलिस को सौंप दिया गया है। एसपी नेगा ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने के साथ-साथ सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई व्यक्ति सोशल मीडिया का दुरुपयोग करता है या कानून का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा ने असम चुनाव के लिए दो और उम्मीदवारों की घोषणा की

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने असम में 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को दो और प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कृष्णा साहा को दलगांव सीट से जबकि जीवन गोगोई को सिसीबरगांव सीट से चुनावी मैदान में उतारा गया है। इस घोषणा के साथ ही भाजपा अब तक 126 सदस्यीय असम विधानसभा के लिए 90 सीटों पर अपने उम्मीदवार तय कर चुकी है।

ऐसी चर्चाएं चल रही थीं कि लखीमपुर से भाजपा सांसद प्रधान बरुआ की पत्नी को विधानसभा चुनाव में सिसीबरगांव सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। यह सीट लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। हालांकि, पार्टी ने अंततः स्थानीय नेता जीवन गोगोई को ही मैदान में उतारने का फैसला किया। भाजपा राज्य के चुनावों में अपने सहयोगी दलों असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। सीट बंटवारे के तहत अगप को 26 सीटें और बीपीएफ को चुनाव पूर्व समझौते के अनुसार 11 सीटें दी गई हैं, जबकि बाकी सीटों पर भाजपा अपने उम्मीदवार उतार रही है।

भाजपा और अगप दोनों ने चमारिया सीट से अपने-अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने गुरुवार को असम विधानसभा चुनाव के लिए 88 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी। इस सूची में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को जलुकबाड़ी सीट से दोबारा मैदान में उतारा गया है। वहीं, पार्टी ने अपने मौजूदा सांसद हितेंद्र नाथ गोस्वामी को जोरहाट सीट से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के खिलाफ उम्मीदवार बनाया है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article