Mamata Banerjee : पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार को कलकत्ता हाई कोर्ट में पेश हुईं। अदालत परिसर में ममता जब पहुंचीं तो वह वकील के लिबास में नजर आईं। ममता ने ब्लैक गाउन (काला कोट) पहना था। गाड़ी से उतरने के बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख सुरक्षाकर्मियों एवं अन्य वकीलों के साथ अदालत परिसर में दाखिल हुईं। ममता की यह पेशी राज्य में चुनाव बाद हुई हिंसा मामले में हुई। इस मामले में वह मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल की पीठ के समक्ष पेश हुईं।
टीएमसी ने जारी किया ममता का वीडियो
X पर एक पोस्ट में TMC ने कहा कि आज अदालत में उनकी शारीरिक उपस्थिति उनके निरंतर समर्पण को दर्शाती है। पार्टी ने कहा कि 'वह बंगाल के लोगों को उनके मुश्किल समय में कभी नहीं छोड़तीं' और सत्य, न्याय तथा संवैधानिक मूल्यों की लड़ाई के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। पार्टी ने आगे कहा कि वह हमेशा नफरत की राजनीति से ऊपर उठकर 'करुणा, साहस और दृढ़ विश्वास' का परिचय देती रही हैं।
मामले की आगे भी होगी सुनवाई
TMC ने कहा, 'चाहे SIR के अन्याय का सामना करना हो या BJP के कथित अव्यवस्थित आचरण के खिलाफ मजबूती से खड़ा होना, उन्होंने बार-बार साबित किया है कि आज देश में उनके जैसा कोई दूसरा नेता नहीं है।' मामला फिलहाल न्यायिक विचाराधीन है और याचिका में लगाए गए आरोपों की हाई कोर्ट द्वारा जांच जारी रहने के बीच आगे भी सुनवाई होने की संभावना है।
बंगाल में भाजपा की पहली बार बनी सरकार
बंगाल में इस बार भाजपा ने टीएमसी से सत्ता छीन ली है। भगवा पार्टी ने ममता बनर्जी के 15 साल के शासन को उखाड़ फेंका। राज्य में पहली बार सुवेंदु अधिकारी के रूप में भाजपा का पहली मुख्यमंत्री बना है। इस चुनाव में भाजपा को 207 सीटों और टीएमसी को 80 सीटों पर जीत मिली है। भाजपा ने बंगाल को 'सोनार बांग्ला' बनाने का वादा किया है।
