फालता विधानसभा सीट पर भाजपा की बंपर जीत के बाद सूबे की पूर्व मुखिया और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर भाजपा पर धांधली, ईवीएम हैकिंग और राष्ट्रीय आतंकवाद (राष्ट्रीय संत्रास) फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने चुनाव आयोग और पूरी चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय चुनाव आयोग के कार्यालय से डेटा हैक किया गया।
ममता बनर्जी ने चौंकाने वाला दावा करते हुए किया कि बीजेपी के आईटी सेल के लोग पुलिस और सीआरपीएफ (CRPF) की वर्दी पहनकर मतगणना केंद्रों के अंदर बैठे थे और विपक्षी मतगणना एजेंटों को धक्के मारकर बाहर निकाल दिया गया।
भाजपा पर लगाया 'राष्ट्रीय आतंकवाद' फैलाने का आरोप
ममता बनर्जी ने इस पूरी स्थिति को 'राष्ट्रीय आतंकवाद' करार दिया। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल द्वारा राज्य में भयंकर हिंसा की गई है। उनके 12 कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई या दबाव बनाकर उन्हें आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया गया। इसके अलावा, लगभग 2500 पार्टी कार्यकर्ताओं और पार्षदों को मनमाने ढंग से गिरफ्तार किया गया है और 2500 से अधिक पार्टी कार्यालयों पर कब्जा कर वहां लूटपाट की गई है। उन्होंने भगवानपुर जैसी जगहों का जिक्र करते हुए महिलाओं के साथ दुष्कर्म और माताओं-बहनों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने के भी बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं।
बुलडोजर कार्रवाई और निधियों पर रोक
उन्होंने भाजपा सरकार की 'बुलडोजर नीति' पर भी कड़ा प्रहार किया। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना के गरीबों के घर और दुकानें तोड़ी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कल्याणी एक्सप्रेस सेतु के निर्माण के दौरान सड़क पर 43 घर प्रभावित हुए थे, और हमने उनके पुनर्वास के लिए ठीक वैसे ही 43 घर बनाए। अब यहां लूटपाट, तोड़फोड़ और हर तरह से निशान मिटाने की कोशिशें हो रही हैं।
'जब आप दिल्ली में सत्ता से गिरेंगे, तो....'
ममता बनर्जी ने कहा कि जब आप दिल्ली में सत्ता से गिरेंगे, तो आपको अपने कर्मों का फल भुगतना पड़ेगा। हम उस दिन का इंतजार कर रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि मैं न्यायपालिका को याद दिलाना चाहती हूं कि वे ही कानून के सच्चे रक्षक हैं। मैं राज्य आतंकवाद के खिलाफ कानूनी लड़ाई जारी रखूंगी। मैं देखूंगी कि किसमें अधिक शक्ति है- संविधान में या बंदूक की नोक में। इसके साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अल्पसंख्यकों का फंड और इमामों का भत्ता भी रोक दिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्रीय बलों (सेंट्रल फोर्स) और राज्य प्रशासन का इस्तेमाल केवल बीजेपी नेताओं को सुरक्षा देने और विपक्ष को डराने के लिए किया जा रहा है।
मीडिया पर भी उठाए सवाल
अपने करीब 32 मिनट के वीडियो संदेश में ममता बनर्जी ने मीडिया पर भी हमला बोला। ममता बनर्जी ने कहा कि पहले राउंड की गिनती पूरी होने से पहले ही कई 'मोदी समर्थक मीडिया चैनलों' के जरिए सुनियोजित तरीके से यह खबर फैलाई गई कि बीजेपी 200 से ज्यादा सीटें जीत रही है।
बताई भविष्य की रणनीति
इस संदेश में ममता बनर्जी ने अपनी भविष्य की रणनीति के भी संकेत दिए। उन्होंने कहा कि इस तानाशाही का मुकाबला करने के लिए जून के पहले सप्ताह में 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के सभी समान विचारधारा वाले दल एक साथ बैठक करेंगे। इसमें आगे की कड़ाई से रणनीति तय की जाएगी। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में वे जनता से सीधे जुड़ने और अपनी बात रखने के लिए मुख्य रूप से फेसबुक लाइव (Facebook Live) और ट्विटर (X) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का ही इस्तेमाल करेंगी।
