देश

खाकी बनी सहारा: बाढ़ के बीच कंधे पर मासूम को उठाकर निकले पुलिस इंस्पेक्टर, बारिश में फंसे 85 लोगों को निकाला बाहर

महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच ठाणे के पड़घा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में बाढ़ से घिरे गणेशनगर में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंकज गिरी और उनकी टीम ने जान जोखिम में डालकर 85 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

Image

पुलिस अधिकारी ने बारिश में फंसे लोगों को निकाला

Photo : Times Now Digital

Maharashtra Rain update: महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच ठाणे के पड़घा पुलिस की बहादुरी और मानवता की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। पड़घा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में बाढ़ से घिरे गणेशनगर में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंकज गिरी और उनकी टीम ने जान जोखिम में डालकर 85 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान एक मासूम बच्चे को अपने कंधे पर बैठाकर बाढ़ के पानी से निकालते हुए उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई है।

बाढ़ का पानी घरों में घुसा

लगातार बारिश के कारण गणेशनगर इलाके में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया था, जिससे कई परिवार फंस गए। सूचना मिलते ही पड़घा पुलिस की टीम वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंकज गिरी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। कमर तक भरे पानी और मुश्किल हालात के बीच पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया और बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों सहित कुल 85 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

छोटे बच्चे को अपने कंधे पर बैठाकर तेज बहाव से लाए पुलिस निरीक्षण

रेस्क्यू के दौरान जोशना सालुंखे (60), देविका पवार (4), अश्विनी पवार (25) और संतोष पवार (28) भी बाढ़ के पानी में फंसे हुए थे। पुलिस टीम ने सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया। अभियान के दौरान सबसे भावुक पल तब सामने आया, जब वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंकज गिरी एक छोटे बच्चे को अपने कंधे पर बैठाकर तेज बहाव वाले पानी से सुरक्षित निकालते दिखाई दिए। यह दृश्य पुलिस के मानवीय और संवेदनशील चेहरे का प्रतीक बन गया।

रेस्क्यू अभियान 85 लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित हुआ

मूसलाधार बारिश और बाढ़ के बीच पड़घा पुलिस का यह रेस्क्यू अभियान न केवल 85 लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित हुआ, बल्कि यह भी दिखाता है कि आपदा के समय पुलिस सिर्फ कानून-व्यवस्था ही नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी बचाने के लिए भी सबसे आगे खड़ी रहती है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article