Maharashtra Local Body Polls: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में महायुति गठबंधन के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए इसे जन-केंद्रित विकास की नीति पर जनता के भरोसे का प्रमाण बताया। एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भाजपा और महायुति को मिला समर्थन इस बात को दर्शाता है कि महाराष्ट्र विकास के साथ मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने राज्य की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार हर नागरिक की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नई ऊर्जा के साथ काम करती रहेगी। साथ ही, उन्होंने जमीनी स्तर पर पार्टी और गठबंधन कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम की सराहना की।
किसे कितनी सीटें मिली?
बता दें कि महाराष्ट्र निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन (NDA) को बंपर जीत हासिल हुई है। 288 सीटों (246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों) के रिजल्ट में महायुति को 207 सीटों पर जीत मिली। रविवार रात तक स्टेट इलेक्शन कमीशन ने फाइनल रिजल्ट जारी कर दिए। गठबंधन में भाजपा 117 सीटों पर जीत के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 53 सीटें, NCP अजित को 37 सीटें मिलीं। वहीं, विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन 44 सीटों तक सीमित रहा।
इसमें कांग्रेस कांग्रेस को 28 सीटें मिलीं, जबकि शरद पवार की NCP को केवल 7 और शिवसेना (UBT) को 9 सीटें हासिल हुईं। 32 सीटें अन्य को मिली हैं।
गढ़चिरौली में वार्ड नंबर 4 में बीजेपी उम्मीदवार संजय मंडवगड़े केवल एक वोट से चुनाव हार गए। लास्ट काउंटिंग के बाद उन्हें 716 वोट मिले। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी श्रीकांत देशमुख को 717 वोट मिले।
भाजपा को बढ़त, सहयोगियों ने भी दिखाया दम
286 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए हुए चुनावों की मतगणना रविवार सुबह 10 बजे शुरू हुई। ये चुनाव दो चरणों में कराए गए थे—कुछ निकायों में 2 दिसंबर और शेष में 20 दिसंबर को मतदान हुआ। नतीजों के मुताबिक, भाजपा से लगभग 129 नगर परिषद अध्यक्ष चुने गए हैं। शिवसेना, भाजपा और एनसीपी (अजीत पवार) को मिलाकर गठबंधन के पास कुल अध्यक्ष पदों का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि पार्षदों के स्तर पर भाजपा के 3300 से अधिक उम्मीदवार विजयी हुए हैं। उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार सहित गठबंधन सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रदर्शन विधानसभा चुनावों के नतीजों के अनुरूप है।
अमित शाह ने दी महायुति को बधाई।
उधर, केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने भी महायुति की जीत को केंद्र और राज्य सरकारों की कल्याणकारी नीतियों पर जनता का आशीर्वाद बताते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस, उपमुख्यमंत्री शिंदे, अजीत पवार और एनडीए कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।
गृहमंत्री अमित शाह ने भी महाराष्ट्र नगर पंचायत व नगर परिषद के चुनाव में महायुति को प्रचंड समर्थन देने के लिए प्रदेश की जनता का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि यह विजय मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए की केंद्र व राज्य सरकार के हर वर्ग के कल्याण के विजन पर जनता का आशीर्वाद है। इस जीत पर मुख्यमंत्री फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार सहित एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देता हूं। इसके साथ ही बीजेपी के सबसे अधिक सीटें जीतने पर प्रदेश अध्यक्ष और बीजेपी महाराष्ट्र के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई।
मेरी भविष्यवाणी सही रही: फडणवीस
महाराष्ट्र मे चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने एकनाथ शिंदे और अजित पवार को भी इस जीत के लिए बधाई दी। एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 40 से ज्यादा जगहों पर नगर अध्यक्ष पद हासिल किया है तो अजित पवार भी 30 से ज्यादा शहरों मे सत्ता पाने मे सफल रहे हैं।
फडणवीस ने कहा कि मैंने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि हम 75 फीसदी से ज्यादा सीट जीतेंगे और अगर आप पूरा नंबर देखे तो महायुती ने 75 फीसदी से ज्यादा जगहों पर अपना नगर अध्यक्ष बनाया है। उन्होंने कहा कि मैं पहला मुख्यमंत्री हूं, जिसने प्रचार के दौरान ना तो किसी नेता पर टिप्पण की और ना ही किसी पार्टी को निशाना बनाया. मैंने बस विकास के मुद्दे पर वोट मांगे और महाराष्ट्र की जनता ने मुझे तगड़ा समर्थन भी दिया इसलिए मैं महाराष्ट्र की जनता का आभारी हूं।
