देश

LPG सिलेंडर को लेकर नया नियम: दिल्ली में गोदाम से बिक्री पर पूरी तरह रोक, 5 किलो सिलेंडर से प्रवासी मजदूरों को मिलेगी राहत

LPG Cylinders New Rule: एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए दिल्ली में सरकार ने वितरण प्रणाली के लिए नए नियम बनाए हैं। दिल्ली में सरकार ने गोडाउन से एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर रोक लगा दी है।

Image

LPG सिलेंडर को लेकर नया नियम।

LPG Cylinders New Rule: दिल्ली में एलपीजी वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब गोदामों (गोडाउन) से सीधे एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinders) की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस आदेश का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। तेल कंपनियों ने सभी वितरकों को साफ निर्देश जारी कर दिए हैं कि किसी भी स्थिति में गोदाम से सिलेंडर बेचना गैरकानूनी माना जाएगा।

सरकार ने आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 5 किलो वाले छोटे एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता भी बड़े स्तर पर बढ़ा दी है। ये सिलेंडर अब शहरभर की गैस एजेंसियों से आसानी से खरीदे जा सकते हैं। इसके लिए केवल वैध पहचान पत्र दिखाना होगा, पता सत्यापन की जरूरत नहीं होगी। इस कदम से खास तौर पर प्रवासी मजदूरों और अस्थायी रूप से रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रवासियों के लिए 11 विशेष हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए

प्रवासी श्रमिकों की मदद के लिए चुनिंदा आउटलेट्स पर 11 विशेष हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं, जहां नजदीकी गैस वितरकों की जानकारी दी जा रही है। इससे लोगों को सिलेंडर पाने में होने वाली परेशानी कम होगी और व्यवस्था और बेहतर बनेगी।

एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य

सरकार ने साफ किया है कि एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है। 4 अप्रैल के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में 1,14,679 बुकिंग हुईं, जबकि 1,31,335 सिलेंडर की डिलीवरी की गई। यानी लंबित मांग को तेजी से पूरा किया जा रहा है और वितरण प्रणाली प्रभावी ढंग से काम कर रही है।

सरकार ने की ये अपील

फिलहाल घरेलू एलपीजी सिलेंडर की औसत डिलीवरी समय 4.24 दिन है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर सेवा मिल रही है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे गैस एजेंसियों या गोदामों पर भीड़ न लगाएं और बुक किए गए सिलेंडर की होम डिलीवरी का इंतजार करें।

कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए खास इंतजाम

कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए कंट्रोल रूम भी शुरू किया गया है। शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। वहीं कार्रवाई तेज करते हुए 17 स्थानों पर छापेमारी की गई और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 76 गैस एजेंसियों व स्टोरेज साइट्स का निरीक्षण किया। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि दिल्ली में एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह स्थिर और नियंत्रण में है। लोगों से अफवाहों से बचने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article