9 मार्च तक स्थगित हुई लोकसभा की कार्यवाही, बजट सत्र के दूसरे हिस्से में आ सकता है राहुल के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव
- Edited by: आलोक कुमार राव
- Updated Feb 13, 2026, 12:31 PM IST
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि गेहूं, चावल, मोटा अनाज, सोयाबीन, मक्का, आनुवंशिक रूप से परिवर्तित (जीएम) खाद्य उत्पाद, मसाले और आलू सहित प्रमुख फसलों को 'पूरी तरह संरक्षित’ किया गया है। उन्होंने कहा, 'हमने सेब सहित प्रमुख फलों का उत्पादन करने वाले किसानों के हितों को भी पूरी तरह संरक्षित किया है। भारत के दरवाजे दुग्ध उत्पादों या पोल्ट्री के लिए नहीं खोले गए हैं।’
लोकसभा की कार्यवाही 9 मार्च तक स्थगित।
Lok Sabha adjourned : लोकसभा की कार्यवाही 9 मार्च 2026 तक के लिए स्थगित हो गई है। संसद के बजट सत्र के दूसरे सत्र की शुरुआत इस दिन से फिर शुरू होगी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाए जाने को लेकर सत्ता एवं विपक्ष के बीच वार-पलटवार और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। दरअसल, बजट पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने यूएस-भारत ट्रेड डील एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में जो टिप्पणियां कीं, उसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विशेषाधिकार हनन मान रही है। हालांकि, अभी यह तय नहीं हो पाया है कि राहुल के खिलाफ भाजपा विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाएगी या नहीं।
राहुल गांधी पर झूठ बोलने का आरोप
केंद्र के दो मंत्रियों ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बारे में झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को दावा किया कि इस समझौते के तहत किसानों के हितों की 'पूरी तरह से रक्षा’की गई है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर साझा किए गए वीडियो संदेशों में गांधी को ऐसे 'आदतन झूठे’व्यक्ति करार दिया जो नहीं चाहते कि किसान सशक्त हों।
राहुल ने पीएम पर देश को बेचने का आरोप लगाया है
मंत्रियों ने ये टिप्पणियां गांधी द्वारा ’एक्स’ पर साझा किए गए उस वीडियो संदेश के बाद कीं जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर 'किसान-विरोधी’होने और भारत एवं अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के जरिये देश को 'बेचने’ का आरोप लगाया है। गोयल ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, 'आज जारी वीडियो में उन्होंने झूठ बोलने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और निराधार आरोप लगाए हैं। वह अपने फर्जी विमर्श के जरिये हमारे किसानों को गुमराह कर रहे हैं और हमारे अन्नदाता को उकसाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने हमारी मातृभूमि की कभी परवाह नहीं की और हम उनसे भारत के मजबूत एवं समृद्ध भविष्य के लिए काम करने की कभी उम्मीद भी नहीं कर सकते।’
सरकार का दावा-किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित
गोयल ने कहा कि गेहूं, चावल, मोटा अनाज, सोयाबीन, मक्का, आनुवंशिक रूप से परिवर्तित (जीएम) खाद्य उत्पाद, मसाले और आलू सहित प्रमुख फसलों को 'पूरी तरह संरक्षित’ किया गया है। उन्होंने कहा, 'हमने सेब सहित प्रमुख फलों का उत्पादन करने वाले किसानों के हितों को भी पूरी तरह संरक्षित किया है। भारत के दरवाजे दुग्ध उत्पादों या पोल्ट्री के लिए नहीं खोले गए हैं।’ गोयल ने कहा कि सच्चाई यह है कि व्यापार समझौते के परिणामस्वरूप बासमती चावल, फलों, मसालों, चाय और समुद्री उत्पादों सहित कई उत्पादों को नये बाजार मिलेंगे और इससे भारत के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा तथा किसानों की आय बढ़ेगी।
मंत्री ने ट्रेड डील का किया बचाव
मंत्री ने कहा, 'हमने कपास वस्त्र निर्यात के लिए बड़े बाजार खोले हैं, जिससे कपास की मांग कई गुना बढ़ेगी और हमारे कपास किसानों को लाभ होगा।’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों के प्रति हमेशा संवेदनशील रहे हैं और उन्होंने उनकी समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए सभी फैसले किए हैं। गोयल ने कहा, 'अमेरिका के साथ हालिया व्यापार समझौते में किसानों के हितों को सर्वोपरि रखा गया है और इन्हें पूरी तरह संरक्षित किया गया है।’ कृषि मंत्री चौहान ने भी गांधी के दावों को 'निराधार’बताया।
चौहान ने कहा, 'राहुल गांधी झूठे हैं। उनका देश और उसके किसानों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें किसानों का सशक्तीकरण पसंद नहीं है। वह हमेशा राष्ट्र-विरोधी बातें कहते नजर आते हैं। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में झूठ बोलने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा किसानों के हितैषी रहे हैं और उन्होंने हर फैसला उनके हित में लिया है। उन्होंने दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई योजनाओं ने किसानों की जिंदगी बदल दी है। उन्होंने कहा, 'अमेरिका के साथ हालिया हस्ताक्षरित समझौते में किसानों के हितों को पूरी तरह संरक्षित किया गया है।’
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
