देश

Lalu Yadav Birthday : लालू प्रसाद यादव ने मनाया अपना 76वां जन्‍मदिन, बेटे तेजस्‍वी ने शेयर कीं PHOTOS

Lalu Yadav Birthday : राजद सुप्रीमो का जन्मदिन मनाने के लिए उनकी बेटी रोहिणी आचार्य भी पटना पहुंची हैं। रोहिणी ने राजद प्रमुख को किडनी दान कर उनकी जान बचाई थी। राजद के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा, सुप्रीमो का जन्मदिन पटना में मनाया जा रहा है।

Image

परिवार के साथ लालू प्रसाद यादव। (Pic Credit : @yadavtejashwi)

Photo : Twitter

Lalu Yadav Birthday : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद ने रविवार को पटना में परिवार के साथ केक काटकर अपना 76वां जन्मदिन मनाया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को राजद सुप्रीमो को जन्मदिन की बधाई दी और उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की। बता दें कि, लालू ने शनिवार और रविवार की रात पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और अपनी पत्नी राबड़ी देवी के आधिकारिक आवास में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद समेत परिवार के सभी सदस्यों की मौजूदगी में केक काटकर जन्मदिन मनाया।

बेटी ने बचाई थी जान

राजद सुप्रीमो का जन्मदिन मनाने के लिए उनकी बेटी रोहिणी आचार्य भी पटना पहुंची हैं। रोहिणी ने राजद प्रमुख को किडनी दान कर उनकी जान बचाई थी। राजद के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा, पिछले साल दिसंबर में सिंगापुर में सफल किडनी ट्रासंप्‍लांट के बाद पार्टी सुप्रीमो का जन्मदिन पटना में मनाया जा रहा है। राजद पूरे बिहार में पंचायत, प्रखंड और अनुमंडल स्तर पर भी इसी तरह का समारोह आयोजित कर रहा है। उन्‍होंने कहा, अन्य राज्यों में जहां राजद के सदस्य हैं, वहां सामूहिक दावतें आयोजित की जा रही हैं। पार्टी के लोग अस्पतालों में गरीब मरीजों के बीच फल, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के बीच स्टेशनरी (पढ़ाई से संबंधित वस्तुएं) बांट रहे हैं। इसके अलावा, वे इस अवसर पर कपड़े और रक्त दान करेंगे।

आगामी दिनों में होंगे बदलाव ?

राजद के संरक्षक लालू प्रसाद के राज्य में आने वाले संसदीय और विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि लालू की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विरोधी नेताओं के साथ नेटवर्क बनाने की क्षमता अद्वितीय है। राजद बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार में सबसे बड़ी सहयोगी है। नीतीश अगले लोकसभा चुनाव से पहले सभी विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए पहले से ही काम कर रहे हैं।

राजद के साथ हैं ये दल

बिहार में महागठबंधन में सात दल जनता दल (यूनाइटेड) (जद-यू), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) शामिल हैं, जिनके पास 243-विधानसभा में 160 से अधिक विधायक हैं। उल्लेखनीय है कि नीतीश और लालू ने पिछले साल सितंबर में 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी एकता की रूपरेखा पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी।

Shaswat Gupta
शाश्वत गुप्ताauthor

पत्रकारिता जगत में पांच साल पूरे होने जा रहे हैं। वर्ष 2018-20 में जागरण इंस्‍टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्‍युनिकेशन से Advance PG डिप्लोमा करने के बाद मीडिया जगत में दस्तक दी। 2019 में दैनिक जागरण से पत्रकारीय जीवन का आरंभ हुआ। इसके बाद जागरण न्‍यू मीडिया, दैनिक भास्‍कर और इंडिया टीवी में सेवाएं दीं। अप्रैल 2023 से टाइम्‍स नाउ नवभारत (https://www.timesnowhindi.com/) के साथ यह सफर अनवरत‍ जारी है। परंपरागत मीडिया से प्रारंभ हुआ करियर अब आधुनिक यानी डिजिटल मीडिया तक पहुंच चुका है। ग्राउंड रिपोर्टिंग से शुरू हुई यह यात्रा लोकल/हाइपरलोकल डेस्‍क, प्रादेशिक डेस्‍क, सोशल मीडिया डेस्‍क, नेशनल डेस्‍क से अब वायरल डेस्‍क तक पहुंच चुकी है। करीब साढ़े चार साल के इस करियर में अविस्‍मरणीय अनुभव रहे हैं। दैनिक जागरण में पहली पारी के दौरान बिकरू कांड जैसी बड़ी और ज्‍वलन्‍त घटना की कवरेज करने का अवसर मिला। प्रिंट मीडिया और डिजिटल मीडिया दोनों ही मंचों पर बेहतरीन ढंग से खबर का प्रस्‍तुतिकरण किया। प्रिंट मीडिया की प्रादेशिक डेस्‍क पर कार्य करते हुए कानपुर सिटी, कानपुर देहात, इटावा, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, औरैया, जालौन, उन्‍नाव, फर्रुखाबाद और कन्‍नौज संस्‍करण की जिम्‍मेदारी संभाली। इन सभी डेस्‍क का कार्य निष्‍पादित करते हुए हर ब्रेकिंग खबर का प्रिंट व डिजिटल दोनों माध्‍यमों में बेहतरीन प्रस्‍तुतिकरण किया। तत्‍पश्‍चात् जागरण न्‍यू मीडिया के हाइपरलोकल सेक्‍शन की लॉन्चिंग में यूपी टीम के सक्रिय सदस्‍य रहे। 2019 से लेकर 2022 तक कोरोना की तीनों लहरों की कवरेज की। इस दौरान लॉकडाउन और ऑक्‍सीजन संकट से ऊपजे हालात पर कई स्‍टोरीज कीं। उत्‍तर प्रदेश पंचायत चुनाव 2021 में अलग-अलग दिनों में होने वाली अलग-अलग स्‍थानों की वोटिंग, काउंटिंग और रिजल्‍ट से जुड़ी खबरों को पाठकों तक बखूबी पहुंचाया। इस दौरान खबरों की प्‍लानिंग, लाइव ब्‍लॉग लाइव करने के साथ मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर मिला। 2021 में माफिया मुख्‍तार अंसारी की बांदा जेल में वापसी पर भी प्रतिद्वंद्वियों से बेहतर कवरेज की। ढाई साल में उत्‍तर प्रदेश के अंदर हुई इस उथल-पुथल के बाद कन्‍नौज के पियूष जैन कांड की खबर को ब्रेक किया। इस केस में रेग्‍युलर कवरेज करने के अलावा कई एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरीज करने का मौका भी मिला। तत्‍पश्‍चात् कानपुर मेट्रो से जुड़े कार्यों की कवरेज कर औपचारिक तौर पर पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दौरे और प्रथम कॉरिडोर के उद्घाटन की कवरेज करने के साक्षी रहे। उतार-चढ़ाव से भरा डिजिटल मीडिया का यह पहला अनुभव काफी शानदार रहा और बेहतरीन कवरेज से यूपी टीम में कानपुर सेक्‍शन को दूसरा सर्वाधिक Pageviews वाला सेक्‍शन बनाने में योगदान दिया। दैनिक भास्‍कर (DB Digital) के साथ उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भगवा लहर के साक्षी रहे। डिजिटल मीडिया के दूसरे पड़ाव में प्रदेश की चुनावी सरगर्मी को भांपने का अवसर मिला। इसके साथ-साथ उत्‍तर प्रदेश की सैकड़ों तहसील, ब्‍लॉक व गांव इत्‍यादि की दैनिक खबरों का नियोजन कर उन्‍हें फ्लैश करने की जिम्‍मेदारी का निर्वाह किया। दूसरे पड़ाव में उत्‍तर प्रदेश के ग्रामीण परिवेश को खबरों के लिहाज से करीने से समझा और स्‍थानीय क्षेत्रों की समस्याओं को बड़े स्‍तर तक पहुंचाने का काम किया। विधानसभा चुनाव की छोटी-बड़ी खबरों को ब्रेक करने के साथ-साथ ऑब्‍जर्वेशन आधारित मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर भी मिला।इंडिया टीवी में समाचार लेखन और प्रस्‍तुतिकरण का एक नया अनुभव प्राप्‍त करने का सौभाग्‍य मिला। यू-ट्यूब की दुनिया में खबरों के महत्‍व, लेखन और प्रासंगिकता को समझने का अवसर मिला। जिसके बाद पंजाबी गायक स‍िद्धू मूसेवाला मर्डर केस और महाराष्‍ट्र के सियासी संकट की खबर को ब्रेक किया। यूपी में निर्माणाधीन एक्‍सप्रेस-वे पर वीडियो पैकेज बनाकर दर्शकों के सम्‍मुख यूट्यूब ओरिएंटेड एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरी पेश की। राजू श्रीवास्‍तव-मुलायम सिंह यादव का निधन, श्रद्धा वाल्‍कर मर्डर केस, जोशीमठ की प्राकृतिक आपदा और द्रौपदी मुर्मू के राष्‍ट्रपति बनने के सफर पर कई वीडियो और उनकी LIVE स्‍ट्रीमिंग करने का मौका मिला। इनके अलावा साल 2022 में हुए गुजरात और हिमाचल प्रदेश के व‍िधानसभा चुनाव एवं दिल्‍ली एमसीडी चुनाव से जुड़े वीडियो पर खबरों की कवरेज (यू-ट्यूब पर), लाइव स्‍ट्रीमिंग की। चैनल के शो 'आप की अदालत' की री-लॉन्चिंग पर टीम के साथ को-ऑर्डिनेशन से लाइव स्‍ट्रीमिंग और वीडियो पैकेजिंग का अनुभव प्राप्‍त किया। इसके बाद माफिया अतीक अहमद की साबरमती जेल से वापसी और उसके बेटे के एनकाउंटर पर आधारित वीडियोज़ को बेहतरीन इमेज-कंटेंट क्रिएशन के साथ पब्लिश किया। कोई भी खबर न रुके, न छूटे, न चूके...इसी उद्देश्‍य के साथ विविधता से परिपूर्ण इस यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।

और पढ़ें
End of Article