देश

पंजाब से आज 30 हजार मजदूर करेंगे दिल्ली कूच, 800 ट्रकों-बसों में सवार होकर पहुंचेंगे राजधानी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 14, 2024, 06:43 AM IST

किसान संगठनों का नेतृत्व कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि वे रामलीला मैदान में किसान मजदूर महापंचायत' आयोजित करेंगे, जहां सरकार की नीतियों के खिलाफ लड़ाई तेज करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा।

Image

किसानों की महापंचायत

Kisan Mazdoor Mahapanchayat: रामलीला मैदान में आज होने वाली किसान मजदूर महापंचायत में शामिल होने के लिए पूरे पंजाब से बड़ी संख्या में किसान 800 से अधिक बसों, ट्रकों और कई ट्रेनों में सवार होकर दिल्ली पहुंच रहे हैं। बुधवार से ही इनके दिल्ली पहुंचने का सिलसिला जारी है। 37 कृषि संघों के समूह संयुक्त किसान मोर्चा (SKM)ने 22 फरवरी को चंडीगढ़ में एक बैठक में 'महापंचायत' बुलाई थी और कहा था कि उसे दिल्ली पुलिस और नगर निगम से जनसभा के लिए 11 मार्च को अनापत्ति प्रमाण पत्र मिल गया है।

पंजाब से 30 हजार किसानों के दिल्ली पहुंचने की उम्मीद

एसकेएम का हिस्सा बीकेयू (एकता-दकौंदा) के धनेर गुट के प्रमुख मंजीत धनेर ने कहा कि पंजाब से 30 हजार किसानों के राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की उम्मीद है। किसान फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानून बनाने और सभी किसानों के लिए पूर्ण ऋण माफी सहित कई मांग कर रहे हैं। महापंचायत ऐसे समय में आयोजित की जा रही है जब किसान मजदूर मोर्चा (केएमएम) और एसकेएम (गैर-राजनीतिक) के बैनर तले अन्य किसान संघ, एसकेएम से अलग हुए समूह पंजाब के शंभू और खनौरी में धरना दे रहे हैं। हरियाणा सीमा पर पिछले एक महीने से सुरक्षा बलों द्वारा उनके 'दिल्ली चलो' मार्च को रोके जाने के बाद ये यहीं पर जमे हुए हैं। एसकेएम दिल्ली चलो मार्च का हिस्सा नहीं है, लेकिन उसने दोनों स्थानों पर अलग हुए समूहों को समर्थन दिया है।

5,000 लोगों को जमा होने की अनुमति दी गई

उधर, दिल्ली पुलिस ने किसानों को 5,000 से अधिक संख्या में एकत्र नहीं होने, ट्रैक्टर नहीं लाने, रामलीला मैदान में कोई मार्च नहीं करने की शर्त के साथ 14 मार्च को किसान मजदूर महापंचायत आयोजित करने की अनुमति दी है। अधिकारियों ने बताया कि महापंचायत के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को दिल्ली भारी ट्रैफिक जाम हो सकता है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने यात्रियों को मध्य दिल्ली की ओर जाने वाली सड़कों से बचने के लिए यातायात सलाह भी जारी की है।

एसकेएम ने कहा, सरकार के खिलाफ प्रस्ताव पास करेंगे

किसान संगठनों का नेतृत्व कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने कहा है कि वे रामलीला मैदान में किसान मजदूर महापंचायत' आयोजित करेंगे, जहां सरकार की नीतियों के खिलाफ लड़ाई तेज करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। एसकेएम ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि दिल्ली पुलिस ने उसे 14 मार्च को रामलीला मैदान में महापंचायत आयोजित करने और दिल्ली नगर निगम प्रशासन के सहयोग से पार्किंग स्थान और पानी मुहैया कराने, शौचालय और एम्बुलेंस जैसी अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दे दिया है।

पुलिस ने किसानों को दिए निर्देश

पुलिस उपायुक्त (मध्य) एम. हर्षवर्धन ने बताया कि किसानों को अधिकतम 5,000 लोगों के साथ महापंचायत आयोजित करने की अनुमति दी गई है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि किसानों को दोपहर 2.30 बजे के बाद अपना कार्यक्रम समाप्त होने के तुरंत बाद मैदान खाली करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि अगर वे वादे का पालन नहीं करते हैं और दिल्ली में कानून-व्यवस्था भंग करने में शामिल होते हैं तो सख्त कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बृहस्पतिवार को रामलीला मैदान में किसानों के एकत्र होने के कारण दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में यातायात प्रभावित हो सकता है। किसानों के मार्च के मद्देनजर दिल्ली की तीन सीमाओं सिंघू, टिकरी और गाजीपुर सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!