कर्नाटक विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी के लिए यहां से अच्छी खबर आई है। बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के गृह जिले कलबुर्गी में बृहस्पतिवार को महापौर (मेयर) और उप महापौर (डिप्टी मेयर) पद के चुनाव में जीत हासिल की। बता दें कि कर्नाटक में मई में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
महापौर चुनाव में 33 वोट पाने वाले विशाल दरगी ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश कपनूर को एक वोट से हराया। वहीं, शिवानंद पिस्ती ने अपनी कांग्रेस प्रतिद्वंदी विजयलक्ष्मी को हराकर उप महापौर पद पर कब्जा जमाया।
इस मायने में जीत अहम
बीजेपी के लिए ये जीत इस मायने में अहम है क्योंकि उसे खड़गे के गढ़ में ही जीत मिली है। आने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी के लिए ये जीत टॉनिक की तरह काम करेगी। बीजेपी तीसरी बार सरकार बनाने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है। पार्टी ने 2008 में दक्षिण का ये किला फतह किया था।
इसके बाद 2023 चुनाव में कांग्रेस ने वापसी की थी। 2018 चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और उसने बी एस येदियुरप्पा की अगुवाई में सरकार बनाई। उन्हें सदन में बहुमत नहीं मिलने के कारण समय से पहले इस्तीफा भी देना पड़ा था। बाद में दोबारा सरकार बनी, लेकिन सरकार के दो साल पूरे होने पर येदियुरप्पा ने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद कमान बसवराज बोम्मई के हाथों में दी गई।
