Karnataka BJP MLA: कर्नाटक के बीजेपी विधायक मदल विरुपक्षप्पा को भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। कर्नाटक साबुन और डिटर्जेंट लिमिटेड (केएसडीएल) से संबंधित रिश्वत मामले में कर्नाटक उच्च न्यायालय द्वारा उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी।
क्या है मामला
हाईकोर्ट ने पिछले हफ्ते इस मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया था। मामला सरकारी कंपनी को रसायनों की आपूर्ति का ठेका आवंटित करने के लिए कथित रूप से रिश्वत मांगने से जुड़ा है। विरुपक्षप्पा पर अपने बेटे केएएस अधिकारी प्रशांत मदल के माध्यम से रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था।
लोकायुक्त की कार्रवाई
लोकायुक्त के मुताबिक, बिल पास कराने के लिए 81 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी और विरुपाक्षप्पा के बेटे प्रशांत एमवी को उनके कार्यालय में 40 लाख रुपये लेते हुए पकड़ा गया था. बाद में, विरुपक्षप्पा के आवास से 7 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी जब्त की गई।
बेटा हो चुका है गिरफ्तार
प्रशांत एमवी को 2 मार्च को इस मामले में गिरफ्तार किया गया था। लेकिन मदल विरुपक्षप्पा, जो मुख्य आरोपी थे, ने कर्नाटक उच्च न्यायालय से 5 लाख रुपये के निजी मुचलके पर अंतरिम अग्रिम जमानत हासिल कर ली, जिससे वह आज तक गिरफ्तारी से बचने में सफल रहे।
विपक्ष के निशाने पर भाजपा
इस मामले को लेकर चुनावी राज्य कर्नाटक में भाजपा, विपक्ष के निशाने पर है। कांग्रेस इसे चुनावी मुद्दा भी बना रही है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा की सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। खुद राहुल गांधी भी कर्नाटक में भ्रष्टाचार का मुद्दा भारत जोड़ो यात्रा और बाद के कार्यक्रमों में उठा चुके हैं।
