देश

Karnataka Chunav: कांग्रेस के सभी झूठ हो गए बेनकाब, शिवमोगा में पीएम मोदी ने किया बड़ा दावा

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated May 7, 2023, 04:27 PM IST

Karnataka Assembly Election 2023: कर्नाटक में चुनाव प्रचार आखिरी चरण में है। बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने शिवमोगा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के सभी झूठ पूरी तरह से बेनकाब हो गए हैं। उसके विकास सिर्फ कागज पर है।

Karnataka Assembly Election 2023: कर्नाटक के शिवमोगा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति और विकास कार्य दोनों ही कागजों पर हैं। वे कभी कर्नाटक का विकास नहीं कर सकते। वे सिर्फ झूठ का सौदा कर रहे हैं। अतीत में कांग्रेस सरकार द्वारा कर्नाटक की महिलाओं की पूरी तरह से उपेक्षा की गई थी। उन्होंने किसानों के लिए कोई विकास कार्य नहीं किया है। बीजेपी ने राज्य के किसानों के लिए काम किया है। अब कांग्रेस के सभी झूठ पूरी तरह से बेनकाब हो गए हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि बीजेपी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।

कांग्रेस ने लड़कियों की शिक्षा को पीछे धकेला

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान लड़कियों की शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को पीछे धकेल दिया गया। कांग्रेस ने स्कूलों में लड़कियों के लिए अलग से शौचालय नहीं बनवाया और इस वजह से लड़कियां पढ़ाई छोड़ देती थीं, लेकिन बीजेपी ने लड़कियों के साथ हो रहे अन्याय को दूर करने के लिए अभियान चलाया और आज ज्यादा से ज्यादा लड़कियां स्कूल जा रही हैं।

कांग्रेस ने फुलाया था झूठ का गुब्बारा

शिवमोगा की इस धरती से मैं पूरे कर्नाटक को विश्वास दिलाना चाहता हूं, असली गारंटी देना चाहता हूं कि आपने मुझे जो प्यार दिया है, आपने मुझे जो आशीर्वाद दिया है। मैं कर्नाटक का विकास करके आपको ब्याज समेत लौटाउंगा। कांग्रेस ने अपना झूठ फैलाने के लिए जो इकोसिस्टम बनाया है, वो पिछले काफी समय से कर्नाटक में एक गुब्बारा फुला रहा था। इस गुब्बारे पर एक से बढ़कर एक झूठी बातें लिखी हुई थीं। लेकिन कर्नाटक की जनता जानती थी कि कांग्रेस का इकोसिस्टम चाहे जितना बड़ा गुब्बारा फुला ले कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

न्यू्नतम समर्थन मूल्य बढ़ाया

2014 से पहले सुपारी पर न्यू्नतम समर्थन मूल्य 100 रुपए प्रति किलोग्राम के आस-पास थी। हमने सोचा ये तो हमारे कर्नाटक के किसानों को मार देगा। हमने सुपारी पर न्यू्नतम समर्थन मूल्य को 350 रुपए प्रति किलोग्राम कर दिया। बड़े-बड़े संकटों के बावजूद हमने देश में फर्टिलाइजर की कभी कमी नहीं होने दी।

फर्टिलाइजर की नहीं होने दी कमी

रूस-यूक्रेन संकट के कारण दुनिया में फर्टिलाइजर की कीमतों में रिकॉर्ड वृद्धि हो गई लेकिन हमने देश के किसानों पर इसका बोझ नहीं पड़ने दिया। कांग्रेस की सरकारों के दौरान हमारा Agriculture Export बहुत सीमित था, लेकिन आज भारत दुनिया के Top Ten Agriculture Exporter देशों में हैं। कोरोना काल में भी भारत ने रिकॉर्ड Agriculture Export किया है, जिसका लाभ हमारे किसानों को हुआ है।

तुष्टिकरण की राजनीति करती है कांग्रेस

क्या कर्नाटक का विकास ऐसी कांग्रेस पार्टी कर सकती है, जिसका लक्ष्य भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण हो? क्या 85% कमीशन खाने वाली कांग्रेस कर्नाटक के नौजवानों का भविष्य बना सकती है? जैसी कांग्रेस की नीतियां हैं उससे Investors कर्नाटक से बाहर ही जाएंगे। बीजेपी सरकार ने कर्नाटक में Investment बढ़ाने के लिए जो कानून बनाए उनको कांग्रेस खत्म करना चाहती है। बीजेपी सरकार हमारी पुरातन संस्कृति को, विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए पूरी ईमानदारी से जुटी है। लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने इसमें भी तुष्टिकरण की ही राजनीति की। कांग्रेस ने हमारी आस्था, आध्यात्म के हर प्रतीक को या तो बेहाल छोड़ा या फिर उनको विवादों में रहने दिया।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article