देश

अव्यवस्था-शिकायतों के बाद एक्शन में ज्योतिरादित्य, अचानक पहुंचे Terminal 3, अधिकारियों को दिए निर्देश

  • Authored by: आलोक कुमार राव
  • Updated Dec 12, 2022, 12:05 PM IST

Terminal 3 : टर्मिनल-3 पर यात्रियों को हो रही परेशानी एवं वहां अव्यवस्था के बारे में कई वीडियो एवं तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो एवं तस्वीरों की एक तरह की बाढ़ आ गई है। यात्रियों का कहना है कि उन्हें एयरपोर्ट में दाखिल होने में काफी समय लग रहा है।

Image

टर्मिनल-3 पर अधिकारियों से बात करते केंद्रीय मंत्री सिंधिया।

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है
  • यात्रियों की शिकायत है कि उन्हें टर्मिनल में दाखिल होने के लिए काफी समय लग रहा है
  • सोशल मीडिया पर यात्रियों ने पोस्ट डाले हैं, इनमें उन्हें हो रही परेशानी को देखा जा सकता है

Terminal 3 : दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) के टर्मिनल 3 पर यात्रियों की हो रही असुविधाओं एवं शिकायतों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अधिकारियों के साथ सोमवार को अचानक वहां पहुंच गए। दरअसल, टर्मिनल-3 से उड़ान पकड़ने वाले यात्रियों ने सुरक्षा जांच में लंबी-लंबी कतारे लगने, बोर्डिंग में परेशानी और कुप्रबंधन की शिकायतें की हैं। लोगों ने टर्मिनल-3 पर फैली अव्यवस्था का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए अव्यवस्था वाले वीडियो

टर्मिनल-3 पर यात्रियों को हो रही परेशानी एवं वहां अव्यवस्था के बारे में कई वीडियो एवं तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो एवं तस्वीरों की एक तरह की बाढ़ आ गई है। यात्रियों का कहना है कि उन्हें एयरपोर्ट में दाखिल होने में काफी समय लग रहा है। कुछ लोगों ने कहा कि सुरक्षा जांच करने वाली कुछ मशीनें काम नहीं कर रही हैं और जो चल रही हैं वह भी बहुत धीमें काम कर रही हैं।

यात्रियों के अनुपात में बोर्डिंग काउंटर की संख्या कम

रिपोर्टों में अधिकारियों के अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि हाल के दिनों में टर्मिनल -3 पर यात्रियों की संख्या बढ़ी है। यात्रियों की इस संख्या के अनुपात में चेक-इन एवं बोर्डिंग काउंटर की संख्या कम है। टर्मिनल पर कम जगह से भी परेशानी बढ़ी है। सुरक्षा जांच करने वाले स्टाफ की भी कमी है। एयरपोर्ट पर ज्यादा भीड़भाड़ की एक बड़ी वजह यात्रियों की संख्या में हुए इजाफे को माना जा रहा है। कोरोना संकट की वजह से बीते दो साल में दिसंबर महीने में कम यात्रियों ने यात्रा की लेकिन हालात सामान्य होने के बाद यात्री बड़ी संख्या में यात्रा कर रहे हैं।

DIAL ने प्रतिघंटे उड़ानों की संख्या घटाई

यात्रियों की इन शिकायतों पर दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) का कहना है कि टी-3 पर यात्रियों की परेशानी एवं अव्यवस्था दूर करने के लिए वह काम कर रहा है। टर्मिनल पर अतिरिक्त सुविधाओं एवं कर्मियों को तैनात किया जा रहा है। बता दें कि टी-3 से रोजाना 500 से ज्यादा घरेलू और 250 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन होता है। यहां प्रतिदिन करीब 1.9 से 1.95 लाख यात्री अपनी फ्लाइट पकड़ते हैं। डायल का कहना है कि टर्मिनल पर भीड़ कम करने के लिए उसने प्रतिघंटे उड़ानों की संख्या 22 से घटाकर 19 कर दी है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article