देश

'दहेज की डिमांड, कई महिलाओं से संबंध और शराब पीकर...' क्या पति से प्रताड़ित होकर अनु ने की आत्महत्या? मृतका के भाई ने पति के खोले राज

जयपुर के मानसरोवर इलाके में हुई अनु मीणा की संदिग्ध आत्महत्या का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। मृतका के भाई नीरज ने आरोपी पति गौमत मीणा पर कई महिलाओं से अवैध संबंध, दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि अनु ने अपने पति को घर में काम करने वाली महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था, जिसके बाद उस पर अत्याचार और बढ़ा दिए गए। परिजनों ने पुलिस को लाखों रुपये के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट भी सौंपे हैं।

Image

अनु मीणा की संदिग्ध आत्महत्या का मामला लगातार गहराता जा रहा। AI IMAGE/ x handle

Anu Meena Suicide Case: जयपुर के मानसरोवर इलाके में हुई विवाहिता अनु मीणा की संदिग्ध आत्महत्या का मामला अब बेहद संवेदनशील और गंभीर मोड़ पर आ गया है। इस पूरे घटना में अब मृतका के भाई ने ऐसे चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, जिसने आरोपी एक्सईएन (XEN) अधिकारी और पति गौतम मीणा के कथित संभ्रांत चेहरे को बेनकाब कर दिया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इसकी कमान उच्चाधिकारियों को सौंपी गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच एसीपी (ACP) आदित्य काकड़े के पास स्थानांतरित कर दी गई है।

गौतम के कई महिलाओं के थे संबंध

मृतका अनु मीणा के भाई नीरज ने पुलिस के सामने बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। नीरज के मुताबिक, पीडब्ल्यूडी में कार्यरत एक्सईएन गौतम मीणा के कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध थे। हद तो तब हो गई जब अनु ने अपने पति गौतम को उनके ही घर में काम करने वाली बाई (घरेलू सहायिका) के साथ आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथों पकड़ लिया था। इस बात को लेकर घर में काफी विवाद हुआ था, जिसके बाद अनु पर अत्याचार और ज्यादा बढ़ा दिए गए ताकि वह मुंह बंद रखे।

अनु के मायके वालों से पैसों का डिमांड कता था गौतम

भाई नीरज का आरोप है कि आरोपी पति ऊंचे पद पर होने के बावजूद बेहद लालची किस्म का था। वह लगातार अनु के पीहर (मायके) वालों से पैसों की डिमांड करता रहता था। शादी में लाखों रुपये और जेवरात देने के बाद भी उसकी भूख शांत नहीं हुई। साल 2022 में भी उसे एक मोटी रकम दी गई थी। नीरज ने दावा किया है कि उनके पास गौतम मीणा को अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए लाखों रुपयों का सबूत और स्क्रीनशॉट भी हैं, जो पुलिस को सौंपा हैं।

इस मामले में भावुक मोड़ तब आया जब मृतका के दोनों छोटे बच्चों (10 वर्षीय बेटा और 8 वर्षीय बेटी) ने पुलिस के सामने आकर अपने पिता के खौफनाक चेहरे को बयां किया। बच्चों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि उनका पिता उनकी मां को किस कदर प्रताड़ित करता था और बेरहमी से मारपीट करता था। बच्चे इस समय बुरी तरह डरे हुए हैं। इसी बीच मृतका के नाना रोहिताश मीणा और नानी माया देवी ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कोर्ट और पुलिस से बच्चों की कस्टडी मायके पक्ष को सौंपने की गुहार लगाई है।

अनु के साथ मारपीट का सीसीटीवी वीडियो आया सामने

सोशल मीडिया और जांच टीम के पास अनु के साथ बेरहमी से मारपीट का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है। इसके अलावा, मार्च 2026 में आरोपी द्वारा घर में रसोई गैस छोड़कर पत्नी-बच्चों को मारने की कोशिश का मामला भी तूल पकड़ रहा है।

परिजनों के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद से ही गौतम मीणा शराब के नशे में अनु के साथ गाली-गलौज और गंभीर मारपीट करता था। हदें यहीं पार नहीं हुईं। आरोप है कि मार्च 2026 में गौतम ने घर में गैस खुली छोड़कर अनु को जान से मारने की कोशिश भी की थी। इस घटना से डरकर अनु अपने मायके आ गई थी।

प्रताड़ना से पूरी तरह टूट चुकी थी अनु

बाद में गौतम के मनाने और घर न टूटने की चाह में परिजनों ने पुलिस में शिकायत नहीं की और अनु वापस लौट गई, लेकिन गौतम का रवैया नहीं बदला। बताया जा रहा है कि मेंटल ट्रोंमा और अपनी जान को लगातार खतरे में देख आखिरकार अनु ने आत्मघाती कदम उठा लिया। यह भी जानकारी मिली है कि मौत से ठीक पहले उसने पति को वीडियो कॉल किया था। साथ ही परिजनों को मैसेज भेजकर अपनी पूरी आपबीती बताई थी।

मानसरोवर थाना पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 128 और 85 के तहत दर्ज किए गए इस मुकदमे की संवेदनशीलता को देखते हुए अब जांच का जिम्मा ACP आदित्य काकड़े को सौंपा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट, बच्चों के बयान और मारपीट के सीसीटीवी फुटेज जैसे तमाम कड़े साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है।

दहेज प्रताड़ना का मामला किया गया दर्ज

XEN अधिकारी गौतम मीणा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है। यह मामला मुहाना थाना क्षेत्र का है और पुलिस ने मृतका अनु मीणा के भाई की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रूप से इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा था, लेकिन बाद में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने पूरे केस को नया मोड़ दे दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल को विवाहिता अनु मीणा ने अपने घर में आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद परिजन काफी समय तक इसे सामान्य आत्महत्या मानते रहे, लेकिन कुछ दिनों बाद उन्हें मृतका के मोबाइल फोन में घर के सीसीटीवी फुटेज मिले। इन फुटेज को देखने के बाद परिवार के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article