Mars Mission: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) एक और बड़े मिशन की तैयारी कर रहा है। एक तरफ इसरो चंद्रमा मिशन के चंद्रयान-3 की तैयारी में जुटा है, तो वहीं वो दूसरी ओर एक और मंगल अभियान पर नजर गड़ाए हुआ है। इस पर अध्ययन चल रहा है।
वैज्ञानिक ने किया दावा
इसरो के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बृहस्पतिवार को कहा कि मंगल ग्रह के लिए दूसरा अभियान अध्ययन के चरण में है और भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इस अभियान को पूरा करने के लिए उपलब्ध विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रही है। इसरो के यूआर राव उपग्रह केंद्र के निदेशक एम. शंकरन ने कहा कि मंगल अभियान को अधिक वैज्ञानिक निष्कर्षों के साथ व्यापक होना चाहिए।
कई विकल्पों पर विचार
शंकरन ने पीटीआई से कहा कि यदि आप मंगल ग्रह से जुड़े किसी नये अभियान की बात कर रहे हैं, तो वह अभी भी अध्ययन के चरण में है। हम अभियान को साकार करने के लिए हमारे पास उपलब्ध विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।
पहला मंगल मिशन
भारत ने मंगल ग्रह के लिए पांच नवंबर, 2013 को पहली बार मंगलयान का प्रक्षेपण किया था, जिसने 24 सितंबर, 2014 से लाल ग्रह की परिक्रमा शुरू की थी। अक्टूबर 2022 में मंगलयान से संपर्क टूट गया और इस तरह ‘मंगलयान-1’ अभियान समाप्त हो गया। वहीं, चंद्रयान-3 के बारे में वैज्ञानिक ने कहा कि चंद्रमा पर जाने वाला अंतरिक्ष यान पहले ही प्रक्षेपण केंद्र पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा- "श्रीहरिकोटा में तैयारी चल रही है। हम उम्मीद करते हैं कि जुलाई में किसी समय इसका प्रक्षेपण होगा।"
