Nishikant Dubey Vs Rahul Gandhi: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस सांसद के 'आचरण' पर सवाल उठाते हुए निशिकांत ने पूछा है कि 'सत्ता पाने के लिए क्या राहुल गांधी देश बंटवारे की साजिश रच रहे हैं?' दुबे ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर दस्तावेज शेयर किए हैं और इन दस्तावेजों को उन्होंने 'राहुल गांधी' के खिलाफ आरोप बताया है। भाजपा सांसद का दावा है कि 'राहुल गांधी टुकड़े-टुकड़े गैंग के रिंगलीडर हैं।'
दुबे ने X पर कहा, 'मेरे आरोप फोर्ड फाउंडेशन के सोरोस और 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' के रिंगलीडर राहुल गांधी के खिलाफ हैं। इन आरोपों पर चर्चा करने के लिए मैंने लोकसभा स्पीकर से अनुमति मांगी है। क्या सत्ता पाने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता देश बंटवारे की साजिश रच रहे हैं।' लोकसभा राहुल के हाल की स्पीच को दुबे ने 'अमर्यादित आचरण' बताते हुए इसकी जांच एक संसदीय समिति से कराने की मांग की है।
वियतनाम, कंबोडिया, बहरीन, थाईलैंड जाते हैं राहुल-दुबे
भाजपा सांसद ने राहुल गांधी का सोरोस फाउंडेशन और फोर्ड फाउंडेशन के साथ संबंध होने का आरोप लगाया है। भाजपा सदस्य ने दावा किया कि राहुल गांधी केवल देशद्रोहियों से मिलने वियतनाम, कंबोडिया, बहरीन और थाईलैंड जाते हैं। दुबे ने यह भी आरोप लगाया, 'वह (राहुल) कभी निर्वाचन आयोग पर, कभी संविधान पर, कभी लोकसभा अध्यक्ष पर, उच्चतम न्यायालय पर...जितनी भी संवैधानिक संस्थाएं हैं, उन पर आरोप लगाते हैं।’ उन्होंने कहा, 'मेरा आग्रह है कि एक विशिष्ट प्रस्ताव पर राहुल गांधी पर चर्चा होनी चाहिए। उनकी सदस्यता रद्द होनी चाहिए और वह कभी चुनाव नहीं लड़ पाएं।’
प्रस्ताव पर चर्चा की अनुमति देने की मांग की है
उन्होंने सदन की कार्यप्रणाली के नियम 352 (5) और 353 के तहत इस प्रस्ताव पर चर्चा की अनुमति देने का आसन से अनुरोध किया। कांग्रेस सदस्यों द्वारा इस पर कड़ा विरोध जताने और सदन में शोर-गुल होने के कारण पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी। दुबे ने इससे पहले संसद परिसर में कहा था कि उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ 'विशिष्ट प्रस्ताव’लाने के लिए एक नोटिस दिया है।
