देश

Raja Raghuvanshi Murder Case: शादी-हनीमून से लेकर हत्या की कहानी, जानें कैसे मेघालय ट्रिप बना हॉरर ट्रिप; पति की हत्या कर कहां मिली सोनम रघुवंशी

Raja Raghuvanshi Murder: इंदौर के राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी 11 मई को शादी के बंधन में बंधे थे। जिसके 9 दिन बाद दोनों हनीमून के लिए नॉर्थ ईस्ट निकले थे। 22 मई को दंपति शिलांग पहुंचा। 23 मई के बाद दोनों लापता हो गए। उन्हें आखिरी बार शिलांग के नोंग्रियाट गांव में देखा गया। 2 जून को राजा का शव मिलने के बाद पता चला कि उसकी हत्या की गई है। आज 9 जून को सोनम रघुवंशी ने गाजीपुर पुलिस के सामने सरेंडर किया है, जिसके बाद इस पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

Image

क्या सोनम ने कराई राजा की हत्या?

Raja Raghuvanshi Murder Case: शादी के 9 दिन बाद हनीमून के लिए मेघालय पहुंचे राजा रघुवंशी को क्या पता था कि यह उनकी जिदंगी का आखिरी सफर बन जाएगा। 23 मई को राजा अपनी पत्नी सोनम रघुवंशी के बाद आखिरी बार शिलांग में नोंग्रियाट गांव में देखा गया। जिसके बाद सबकुछ बदल गया। दोनों अचानक से लापता हो गए। जिसके कुछ दिन बाद खाई से राजा की लाश मिली, लेकिन सोनम का कुछ पता नहीं चला। लेकिन अब लापता होने के 17 दिन बाद सोनम को गाजीपुर से बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि सोनम रघुवंशी ने ही सुपारी देकर अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या कराई है। पुलिस के अनुसार सोनम ने गाजीपुर में पुलिस के सामने सरेंडर किया है।

11 मई को राजा और सोनम की अरेंज मैरिज

इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी 28 वर्षीय राजा रघुवंशी मध्यम वर्गीय परिवार के थे। 11 मई को राजा और सोनम की इंदौर में अरेंज मैरिज हुई थी। जिसके बाद उन्होंने हनीमून के लिए नॉर्थ ईस्ट जाने का फैसला किया। 20 मई को इंदौर का ये कपल गुवाहाटी पहुंचा, जहां कामाख्या मंदिर में दर्शन-पूजन किए। इस दौरान किसी ने शिलांग की तारीख कर दी। जिसके बाद कपल ने 22 मई को शिलांग पहुंच गया। दोनों ने नोंग्रियाट गांव में होमस्टे किया। 23 मई को इन्होंने होमस्टे से चेकआउट किया। जिसके बाद राजा और सोनम ने ओसरा हिल्स जाने की प्लानिंग की। उन्होंने एक एक्टिवा स्कूटी को किराए पर लिया और पूर्वी खासी हिल्क के मावलाखियात गांव पहुंच गए। जहां उन्होंने स्कूटी को पार्किंग पर लगा दिया और शिपारा होमस्टे तक जाने के लिए ट्रैक करने के लिए एक स्थानीय गाइड को साथ ले लिया। शिपारा होमस्टे से कपल ने 23 मई को चेकआउट किया और गाइड के बिना ही मावलाखियात पहुंच गए। जिसके बाद से दोनों से लापता हो गए। 23 मई तक परिजनों से दोनों की बातचीत भी लगातार होती रही। लेकिन बाद में उनसे संपर्क टूट गया।

Raja Sonam (4)

राजा और सोनम की हुई अरेंज मैरिज

2 जून को मिला राजा का शव

सोनम और राजा के लापता होने के बाद उनके परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। 24 मई को पुलिस को सूचना मिली की सोहरा के पास एक लावारिस स्कूटी पड़ी मिली है। जिसकी जांच के बाद पुलिस को पता चला कि यह वहीं स्कूटी है जिसे राजा और सोनम ने किराए पर लिया था। जिसके बाद पुलिस ने सोनम और राजा की तलाशी शुरू की। लेकिन पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा। जिसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान में ड्रोन का इस्तेमाल किया। 2 जून को पुलिस को वेई सॉडोंग फॉल्स के नीचे घाटी में एक शव सड़ी-गली हालत में मिला। शव के हाथ पर बने राजा नाम के टैंटू से पता चला कि यह राजा रघुवंशी का लाश है। लेकिन तब तक सोनम का कुछ पता नहीं चला। सोनम की तलाश में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया।

Raja Sonam

सोनम और राजा (फाइल फोटो)

राजा रघुवंशी के शव का पोस्टमार्टम करने पर पता चला कि उसकी हत्या हुई है। इस खुलासे ने मामले को और रहस्यमय बना दिया। राजा का शव मिलने के बाद परिजनों ने आशंका जताई कि राजा की हत्या करने के बाद सोनम को अगवा कर बांग्लादेश ले जाया गया है। राजा का शव 4 जून को इंदौर लाया गया। 5 जून को शिलांग के होटल की सीसीटीवी फुटेज में राजा और सोनम को देखा गया। जिसमें दोनों होटल के रिसेप्शन पर नजर आ रहे हैं।

गाइड ने बताया 3 पुरुषों के साथ दिखा कपल

कपल ने मावलाखियात से नोंग्रियाट तक जाने के लिए जिस गाइड भकुपर वानशाई को हायर किया था, उसने बताया कि इस यात्रा के लिए करीब 3 हजार सीढ़ियां उतरनी पड़ती हैं। इस यात्रा में लगभग तीन घंटे का समय लगता है। गाइड ने बताया कि इंदौर के कपल ने उसे 22 मई की शाम करीब 3:30 बजे फोन किया था। उसने उन्हें नोंग्रियाट तक गाइड करने फैसला लिया। वानशाई ने उन्हें शिपारा होमस्टे तक छोड़ा, इस दौरान अन्य गाइड अल्बर्ट पडे भी उनके साथ थे। वानशाई ने बताया कि उसने 23 मई के लिए भी अपनी सेवा देने की पेशकश की। लेकिन उन्होंने मना कर दिया। वहीं गाइड अल्बर्ट पडे ने बताया कि 23 मई को करीब 10 बजे उसने कपल को 3 पुरुष पर्यटकों के साथ नोंग्रियाट से मावलाखियात तक 3000 सीढ़ियां चढ़ते हुए देखा थे। इस दौरान चार पुरुष आगे और महिला उनके पीछे चल रही थी। चारों लोग हिंदी में बात कर रहे थे। इस कारण वह उनकी बातचीत समझ नहीं पाया, क्योंकि उसे केवल खासी और अंग्रेजी ही आती है। जिसके बाद दंपति लापता हो गया। पडे के अनुसार वह दंपति को पहचानता है, उसने एक दिन पहले उन्हें नोंग्रियाट तक चढ़ने के लिए अपनी सेवाएं देने की पेशकश की थी। लेकिन उन्होंने उसे मना कर दिया था।

गाजीपुर में डाबे पर मिली सोनम

सोनम रघुवंशी के लापता होने के 17 दिन बाद आज 9 जून को उसका पता चल गया है। सोनम ने गाजीपुर में पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। मेघालय डीजीपी आई नोंग्रांग के अनुसार इंदौर के पर्यटक राजा रघुवंशी की हत्या कथित तौर पर उनकी पत्नी सोनम ने मेघालय में हनीमून के दौरान सुपारी देकर कराई थी। इस मामले में तीन अन्य हमलावरों को छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया था। जिनमें से एक यूपी से पकड़ा गया और दो अन्य आरोपियों को एसआईटी ने इंदौर से गिरफ्तार किया। इस हत्याकांड में कुछ और लोगों भी शामिल हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए मध्य प्रदेश में अभियान जारी है। फिलहाल सोनम को गाजीपुर में एक डाबे से हिरासत में लेने के बाद सखी वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। उससे पूछताछ के बाद ही साफ हो पाएगा कि उसने हत्या की है या नहीं और इस हत्या के पीछे की वजह क्या है?

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article