उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण उड़ानों पर असर, IndiGo ने जारी की यात्रा संबंधी चेतावनी, दिल्ली एयरपोर्ट पर कोहरे के कारण 97 उड़ानें रद्द
- Edited by: अमित कुमार मंडल
- Updated Dec 21, 2025, 02:50 PM IST
सलाह में कहा गया है, सुबह-सुबह दिल्ली और उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है। इन घंटों के दौरान, दृश्यता अचानक कम हो सकती है, जिससे उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है।
IndiGo की उड़ानें प्रभावित (PTI)
इंडिगो ने शनिवार को एक यात्रा सलाह जारी करते हुए यात्रियों को रविवार को दिल्ली और उत्तरी भारत के कई हिस्सों में सुबह-सुबह छाए रहने वाले कोहरे के कारण संभावित उड़ान व्यवधानों के बारे में चेतावनी दी है। एयरलाइन ने कहा कि सुबह के शुरुआती घंटों में कम दृश्यता के कारण उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है, जिससे देरी या समय-सारणी में बदलाव हो सकता है। एक बयान में इंडिगो ने कहा कि उसकी परिचालन टीमें रात भर पूरी तरह से तैयार रहेंगी और यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए पल-पल मौसम की स्थिति पर बारीकी से नजर रखेंगी। मौसमी व्यवधानों के कारण होने वाली कठिनाइयों को स्वीकार करते हुए, एयरलाइन ने यात्रियों के धैर्य के लिए आभार जताया। इंडिगो एयरलाइन ने बताया है कि खराब मौसम के कारण बेंगलुरु और अमृतसर में विजिबिलिटी बहुत कम हो गई है। इस वजह से उड़ानों के शेड्यूल पर असर पड़ा है। एयरलाइंस लगातार मौसम पर नजर रख रही हैं।
निकलने से पहले जानकारी लें
सलाह में कहा गया है, सुबह-सुबह दिल्ली और उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है। इन घंटों के दौरान, दृश्यता अचानक कम हो सकती है, जिससे उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है। इसमें यह भी कहा गया है कि सुरक्षा एयरलाइन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले दिए गए लिंक (bit.ly/3ZWAQXd) के जरिए नवीनतम उड़ान स्थिति की जांच कर लें। जिन यात्रियों की उड़ानें प्रभावित हुई हैं, वे एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट (goindigo.in/plan-b.html) के माध्यम से अपनी उड़ानें दोबारा बुक कर सकते हैं या धन वापसी का अनुरोध कर सकते हैं।
एयरलाइन ने चुनौतीपूर्ण मौसम की स्थिति के बावजूद यात्रियों को सूचित रखने और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। बयान में कहा गया, हम सतर्क रहेंगे और आपकी यात्रा को सुचारू रूप से चलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। आपके धैर्य और समझ के लिए धन्यवाद।
दिल्ली हवाई अड्डा: कोहरे के कारण 97 उड़ानें रद्द
दिल्ली हवाई अड्डे पर रविवार को कोहरे के कारण कम दृश्यता के चलते कुल 97 उड़ानें रद्द कर दी गईं और 200 से अधिक उड़ानों में विलंब हुआ। इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि हवाई अड्डे पर 48 आगमन और 49 प्रस्थान उड़ानें रद्द कर दी गईं। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइरडार24 डॉट कॉम’ पर उपलब्ध नवीनतम जानकारी के अनुसार, 200 से अधिक उड़ानों में विलंब हुआ और हवाई अड्डे पर उड़ानों के प्रस्थान में औसतन लगभग 23 मिनट की देरी हुई। दिल्ली हवाई अड्डे के संचालक डीआईएलएल ने दोपहर के समय एक पोस्ट में कहा कि परिचालन सुचारू रूप से जारी है। डीआईएलएल इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन करता है, जो देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा है और आमतौर पर प्रतिदिन लगभग 1,300 उड़ानों का परिचालन करता है। घने कोहरे के कारण पिछले कई दिन से दिल्ली और अन्य हवाई अड्डों पर उड़ान संचालन बाधित है।
उत्तर भारत में कोहरे का कहर
उत्तर भारत में सर्दियों के दौरान, विशेषकर सुबह के समय, घना कोहरा आम बात है। इस घटना से हवाई, रेल और सड़क परिवहन बाधित होता है। इससे पहले, शनिवार को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण कम दृश्यता की वजह से 66 आगमन और प्रस्थान उड़ानें रद्द कर दी गईं। इसके अलावा, शनिवार को दिल्ली हवाई अड्डे ने यात्रियों के लिए एक सलाह जारी की जिसमें कहा गया कि कम दृश्यता संबंधी प्रक्रियाएं चल रही हैं। दिल्ली हवाई अड्डे ने यह भी बताया कि शहर में सभी उड़ानें सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
सुबह 7:00 बजे जारी बयान में हवाई अड्डे ने यात्रियों को नवीनतम उड़ान अपडेट के लिए अपनी संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करने की सलाह दी। बयान में कहा गया, दिल्ली हवाई अड्डे पर कम दृश्यता संबंधी प्रक्रियाएं अभी भी जारी हैं। सभी उड़ानें सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। यात्रियों को नवीनतम उड़ान अपडेट के लिए अपनी संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करने की सलाह दी जाती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।