देश

अहमदाबाद में रनवे को छूकर दोबारा टेक ऑफ कर गया विमान, यात्रियों का हलक सूखा

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated May 24, 2023, 03:24 PM IST

Indigo airlines : रिपोर्ट के मुताबिक एयरपोर्ट के सूत्रों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि एयरक्राफ्ट की लैंडिंग सही पोजिशन में नहीं हुई थी। इसे देखते हुए एयर ट्रैफिक नियंत्रक ने पायलट से तुरंत टेक ऑफ करने और वापस दोबारा से सही तरीके से लैंडिंग करने का निर्देश दिया।

Image

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सोमवार रात की घटना।

Photo : PTI

Indigo airlines : चंडीगढ़ से अहमदाबाद की यात्रा करने वाले इंडिगो-एयरलाइन के यात्रियों का गला उस वक्त सूख गया जब विमान रनवे को छूकर दोबारा टेक ऑफ कर गया। यह घटना सोमवार रात की है। चंडीगढ़ से उड़ान भरने वाले विमान का अहमदाबाद के सरदार वल्लभ भाई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए जैसे ही इसके व्हील का संपर्क रनवे से हुआ, विमान अचानक से तेज रफ्तार में टेक ऑफ कर गया। लैंडिंग की जगह टेक ऑफ होने पर विमान में सवार करीब 100 यात्रियों का गला थोड़ी देर के लिए सूख गया। यात्री हैरत में पड़ गए कि हो क्या रहा है। यात्री भयभीत हो गए।

'किसी के समझ में नहीं आया ऐसा क्यों हुआ'

टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक विमान संख्या 6E 6056 में सवार वडोदरा निवासी डॉक्टर नील ठक्कर ने बताया कि 'यह विमान रात के आठ बजकर 45 मिनट पर लैंडिंग के लिए नीचे आने लगा लेकिन प्लेन का व्हील का संपर्क जैसे ही रनवे से हुआ विमान के पायलट ने अचानक से उसे टेक ऑफ करते हुए तेज रफ्तार के साथ आसमान में वापस आ गया। यह देखकर हम लोग भयभीत हो गए क्योंकि किसी को समझ में नहीं आया ऐसा क्यों हुआ।'

विमान में 100 से ज्यादा यात्री सवार थे

ठक्कर ने आगे कहा, 'टेक ऑफ करने के बाद विमान आसमान में करीब 20 मिनट तक चक्कर लगाता रहा। इसके बाद इसे लैंडिंग करने की इजाजत मिली। अचानक और तेज रफ्तार से टेक ऑफ किए जाने पर विमान में सवार 100 से ज्यादा यात्रियों की जान जोखिम पड़ गई।' इस घटना को लेकर ठक्कर ने विमानन कंपनी, डीजीसीए और केंद्रीय उड्डयन मंत्री को मेल किया।

एटीसी ने दोबारा लैंडिंग करने को कहा

रिपोर्ट के मुताबिक एयरपोर्ट के सूत्रों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि एयरक्राफ्ट की लैंडिंग सही पोजिशन में नहीं हुई थी। इसे देखते हुए एयर ट्रैफिक नियंत्रक ने पायलट से तुरंत टेक ऑफ करने और वापस दोबारा से सही तरीके से लैंडिंग करने का निर्देश दिया। सूत्रों ने बताया कि अचानक टेक ऑफ किए जाने के दौरान किसी यात्री के घायल होने अथवा किसी तरह की परेशानी की शिकायत नहीं मिली।

एक दूसरे यात्री ने भी बताया क्या हुआ

इसी विमान में सवार दूसरे यात्री तेजस जोशी ने अपने ट्वीट में कहा, 'आज चंडीगढ़ से अहमदाबाद की उड़ान भरने वाले विमान (6E 6056) अहमदाबाद एयरपोर्ट पर लैंडिंग करने में असमर्थ था। विमान रनवे पर पहुंचा और फिर टेक ऑफ कर गया। इससे यात्री भयभीत हो गए।'

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article