देश

राहुल के सियासी दांव से कांग्रेस में आया जोश, दिल्ली में लगाए ‘शिव की बारात’ के होर्डिंग

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि मार्च में लोगों की मजबूत भागीदारी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही की मांग के प्रति विपक्षी दलों एवं नागरिकों के संकल्प को दर्शाती है।

Image

युवा कांग्रेस ने शिव की बारात के लगाए पोस्टर (फोटो- Times Now नवभारत)

Shiv ki Baaraat: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन के मार्च में भारी संख्या में लोगों की भागीदारी के बाद भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) ने मध्य दिल्ली के प्रमुख स्थानों पर ‘शिव की बारात’ के होर्डिंग लगाए हैं। इन होर्डिंग्स के माध्यम से जारी विरोध प्रदर्शन के राजनीतिक संदेश को राजधानी में प्रमुखता से सामने लाने का प्रयास किया गया है। ये होर्डिंग्स INDIA गठबंधन के मार्च में बड़े पैमाने पर लोगों की भागीदारी के बाद लगाए गए हैं। युवा कांग्रेस के अनुसार, मार्च में लोगों की व्यापक उपस्थिति लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और संवैधानिक पदों पर बैठे अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर विपक्षी दलों के विरोध को दर्शाती है। इस प्रदर्शन के माध्यम से देश की चुनावी संस्थाओं की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता से जुड़े सवाल भी उठाए गए हैं।

आंदोलन के संदेश को सड़कों से आगे बढ़ाने की कवायद

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि मार्च में लोगों की मजबूत भागीदारी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही की मांग के प्रति विपक्षी दलों एवं नागरिकों के संकल्प को दर्शाती है। ‘शिव की बारात’ के होर्डिंग्स के माध्यम से संगठन ने आंदोलन के संदेश को सड़कों से आगे बढ़ाकर राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख हिस्सों तक पहुंचाने का प्रयास किया है।

दिल्ली युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस भारत निर्वाचन आयोग के कामकाज और उसकी विश्वसनीयता से जुड़े सवालों को लगातार उठाती रहेगी।

भारतीय युवा कांग्रेस ने कहा कि चुनावी संस्थाओं की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा भारतीय लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। संगठन ने स्पष्ट किया कि जवाबदेही की मांग को लोकतांत्रिक तरीकों और जनभागीदारी के माध्यम से लगातार आगे बढ़ाया जाएगा। ये होर्डिंग्स AICC कार्यालय, 24 अकबर रोड, इंदिरा भवन और भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय के बाहर लगाए गए हैं।

राहुल ने क्या कहा था?

राहुल गांधी ने 10 अक्तूबर को इंदिरा भवन में हुई प्रेस कांफ्रेंस में आकाशवाणी भवन पर धरने और प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा था, मैंने प्रियंका से कहा ये तांडव है, इसमें कोई प्लानिंग नहीं होती, आज कुछ और कल कुछ और होगा। किसी प्लान की जरूरत नहीं है। आप क्या सोचते है, हमने कोई प्लान बनाया था? ये डांस है, तांडव है, शिव की बारात में कोई भी आ सकता है। ये शिव बारात है कोई भी जीव आ सकता है। हम हर किसी का स्वागत करते हैं, इसमें कोई भी आ सकता है। आंदोलन में जो आना चाहे आ जाए।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article