Indian Air Force Sri Lanka Rescue: भारतीय वायुसेना ने श्रीलंकाई अधिकारियों के साथ मिलकर कोटमाले क्षेत्र में भूस्खलन से प्रभावित लोगों के लिए एक बड़े पैमाने पर बचाव और निकासी अभियान चलाया। यह क्षेत्र सड़क मार्ग से कट जाने के कारण बाकी हिस्सों से पूरी तरह अलग हो गया था। पूरे दिन हेलीकॉप्टरों के माध्यम से 45 फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें 6 गंभीर रूप से घायल, 4 शिशु, 12 भारतीय नागरिक और कई अन्य देशों के नागरिकों के साथ श्रीलंकाई नागरिक शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक, सभी फंसे लोगों को सुरक्षित कोलंबो पहुंचा दिया गया। राहत कार्यों को तेज करने के लिए वायुसेना ने 57 श्रीलंकाई सैनिकों को प्रभावित क्षेत्र में एयरलिफ्ट किया, ताकि बचाव और मलबा हटाने के काम में मदद मिल सके। इसके अतिरिक्त, IAF ने ‘भीष्म कैप्सूल’ और मेडिकल टीम तैनात की और रात 8 बजे तक 400 से अधिक भारतीय नागरिकों को भारत वापस लाया। आगे भी वायुसेना कई और उड़ानें संचालित करने की योजना बना रही है।
इससे पहले, श्रीलंका सेना के 40 जवानों की पांच टीमों को आर्मी कैंप से कोटमाले भेजा गया, जहां भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ राहत कार्यों में बाधा डल रही है। इसी दौरान एनडीआरएफ की टीमों ने पुत्तलम में फंसे लोगों तक चिकित्सीय और आपातकालीन सामग्री पहुंचाई। भारतीय वायुसेना के विमान भी तिरुवनंतपुरम और हिंडन तक यात्रियों को सुरक्षित एयरलिफ्ट करने में लगे रहे। ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत चल रहे बचाव और राहत प्रयास श्रीलंका में चक्रवात ‘दितवाह’ से प्रभावित लोगों की जान बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं, जिसने अब तक 193 लोगों की जान ले ली है।
