Trump's Claim On
ट्रंप के दावे का खंडन
एएनआई के मुताबिक, सूत्रों के अनुसार, भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस दावे का तुरंत खंडन किया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष खत्म करने में व्यापार भी एक कारक था। ऑपरेशन सिंदूर शुरू होने के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने 9 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की थी। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने 8 और 10 मई को विदेश मंत्री एस जयशंकर से और 10 मई को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से बात की। सूत्रों ने सोमवार को पुष्टि कीइस दौरान व्यापार पर कोई चर्चा नहीं हुई।
ट्रंप ने छेड़ी नई बहस
ट्रंप का यह दावा कि भारत-पाक संघर्ष खत्म करने के बाद वह दोनों देशों के साथ व्यापार बढ़ाएंगे, इस बयान ने नई बहस छेड़ दी है। इससे पहले, स्वास्थ्य और मानव सेवा सचिव के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ट्रंप ने दावा किया था कि उनके प्रशासन ने दो परमाणु-सशस्त्र पड़ोसियों के बीच बढ़ते तनाव के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच शत्रुता को तुरंत समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, शनिवार को मेरे प्रशासन ने भारत और पाकिस्तान के बीच शत्रुता को तुरंत समाप्त करने में मदद की, मुझे लगता है कि यह स्थायी है - दोनों देशों के पास बहुत सारे परमाणु हथियार हैं।
ट्रंप ने कहा, हमने बहुत मदद की, और हमने व्यापार में भी मदद की। मैंने कहा, चलो, हम आप लोगों के साथ बहुत सारा व्यापार करने जा रहे हैं। अब इसे रोकते हैं। अगर आप इसे रोकते हैं, तो हम व्यापार करेंगे। अगर आप इसे नहीं रोकते हैं, तो हम कोई व्यापार नहीं करने जा रहे हैं।
पाकिस्तान बैकफुट पर आया
22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने पर्यटकों से उनक धर्म पूछा और उन्हें मार डाला जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी। सांप्रदायिक हिंसा भड़काने का यह स्पष्ट प्रयास था। जवाब में भारत ने हमले के जिम्मेदार आतंकी ठिकानों को नष्ट करने के लिए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। सूत्रों ने कहा, भारत किसी तीसरे पक्ष से किसी भी तरह का आश्वासन स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं था। हमने कहा कि डीजीएमओ को ऑनलाइन आकर बोलना चाहिए और यह कहना चाहिए, न कि अमेरिकियों को, न ही उनके एनएसए को, न ही किसी बैक चैनल को, हम डीजीएमओ से सुनना चाहते थे, और तभी डीजीएमओ ने संघर्ष समाप्त करने का फैसला किया। (ANI)
