Independence Day 2024: भारत आज देशभक्ति की भावना के साथ अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। राष्ट्रीय एकता से प्रेरित होकर दिल राष्ट्रीय रंगों से गूंज रहे हैं। इस बड़े और महत्वपूर्ण दिन पर देश के वीर जवान भी किसी से पीछे नहीं हैं। उत्तर पश्चिमी सीमांत के आईटीबीपी जवानों ने लेह, लद्दाख के 14000 फीट ऊंचे दुर्गम इलाके में तिरंगे के साथ मार्च निकाला। भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों ने 14 हजार फीट की ऊंचाई पर लद्दाख में तिरंगा फहराया।
बता दें, हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत मंगलवार को भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) ने आम लोगों को जागरूक करने के लिए तिरंगा रैली का आयोजन किया था। इसका शुभारंभ आईटीबीपी के देवेंद्र सिंह परमार ने किया। निकाली गई रैली में आईटीबीपी के द्वितीय वाहिनी में तैनात 150 पदाधिकारी और जवानों, 40 हिमवीर परिजनों, 30 स्थानीय लोगों और 20 बच्चों ने भाग लिया था।
11वीं बार लाल किले पर पीएम मोदी ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
वहीं इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लगातार 11वीं बार लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले पर तिरंगा फहराने से पहले राजघाट जा कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। लाल किला पहुंचने पर प्रधानमंत्री का स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने किया। रक्षा सचिव अरमाने ने दिल्ली क्षेत्र के जनरल
ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार का प्रधानमंत्री से परिचय कराया। इसके बाद दिल्ली क्षेत्र के जीओसी मोदी को सलामी मंच पर ले गए, जहां संयुक्त अंतर-सेवा और दिल्ली पुलिस गार्ड ने प्रधानमंत्री को सामान्य सलामी दी। इसके बाद प्रधानमंत्री ने सलामी गारद का निरीक्षण किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
