देश

महाराष्ट्र की राजनीति में कुछ पक रहा है, अब केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिए संकेत

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Apr 18, 2023, 07:32 AM IST

Maharashtra Politics : पत्रकारों के साथ बातचीत में ठाकुर ने कहा कि राजनीति में बातें चलती रहती हैं..कुछ खबरों का आनंद लेना चाहिए। महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे और कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल के बीच हुई बैठक के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोग महागठबंधन को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

Image

भाजपा-एनसीपी गठबंधन पर अनुराग ठाकुर का बयान।

Photo : ANI

Maharashtra Politics : महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के बीच गठबंधन बनने की चल रहीं अटकलों के बीच केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बड़ा बयान दिया है। केंद्रीय मंत्री ने सोमवार को कहा कि 'राजनीति में बातचीत चलती रहती है।' ऐसी चर्चा है कि भाजपा राकांपा प्रमुख शरद पवार के भतीजे अजित पवार को एक बार फिर अपने पाले में लाना चाहती है। रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि बीते दिनों दिल्ली में अजित पवार की बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से हुई। इस बैठक में अजित पवार के सरकार में शामिल होने को लेकर अंतिम रूप दिया गया।

'कुछ खबरों का आनंद लेना चाहिए'

पत्रकारों के साथ बातचीत में ठाकुर ने कहा कि राजनीति में बातें चलती रहती हैं..कुछ खबरों का आनंद लेना चाहिए। महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे और कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल के बीच हुई बैठक के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोग महागठबंधन को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

'महागठबंधन को लोग स्वीकार नहीं करेंगे'

उन्होंने कहा, 'सभी भ्रष्ट पार्टियां एक दूसरे का मदद करने की कोशिश कर रही हैं। लोगों ने कभी इस महागठबंधन को कभी स्वीकार नहीं किया। ऐसा इसलिए क्योंकि इनकी पूरी पहचान बिना किसी नीति, नेता एवं नेतृत्व की है। ये पार्टियां एक दूसरे के भ्रष्टाचार को छिपाना और जेल जाने से बचना चाहती हैं। ये पार्टियां अपना राजनीतिक अस्तित्व बनाए रखने के लिए जद्दोजहद कर रही हैं।'

...तब बयान नहीं देते थे

ठाकुर ने आगे कहा, 'जब ये माफिया आम लोगों, कारोबारियों को मारा करते थे तब ये नेता कोई बयान नहीं देते थे। पूर्व की सरकारों में माफियाओं को संरक्षण मिलता था। सवाल यह है कि अब ये नेता बयान क्यों दे रहे हैं?' बता दें कि शनिवार रात यूपी के प्रयागराज में तीन हमलावरों ने माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना को लेकर विपक्ष की कई पार्टियां योगी सरकार पर हमलावर हैं और कानून-व्यवस्था को लेकर यूपी सरकार पर निशाना साध रही है।

ठाकुर को चार सीटों की मिली जिम्मेदारी

अपनी पालघर यात्रा के बारे में ठाकुर ने कहा कि उन्हें महाराष्ट्र के चार लोकसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा, 'आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर मुझे पूरा भरोसा है कि लोग भाजपा को अपना आशीर्वाद देंगे।'

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!