Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में कैबिनेट विस्तार की अटकलों पर समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोला है। अखिलेश ने शनिवार को कहा कि 'यह सब भाजपा का तमाशा है। बड़ा शपथ ग्रहण अब 2027 में होगा। समाजवादी पार्टी और पीडीए के लोग अपनी सरकार बनाएगे। भाजपा का चाहे विस्तार हो या वह सिकुड़े, अब इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।' यूपी में 2027 में विधानसभा चुनाव होंगे। सपा अध्यक्ष ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बयान के भी प्रतिक्रिया दी।
'बड़ी संख्या में अधिकारियों को हटा दिया गया'
ममता बनर्जी के बयान पर अखिलेश यादव ने कहा, 'जो भारतीय जनता पार्टी के बारे में ममता बनर्जी ने कहा, वह कम है। अगर वह अकेले भी चुनाव लड़ेंगी, तो जीत जाएंगी। मैंने बंगाल में सुना है कि बड़ी संख्या में अधिकारियों को हटा दिया गया है लेकिन जब भी यूपी में बीजेपी सत्ता में आई, उसने एक भी अधिकारी को नहीं हटाया। यहां अधिकारियों की पोस्टिंग इस आधार पर की गई कि उनके रिश्तेदार चुनाव कैसे जीतेंगे।'
यह सब बीजेपी का ड्रामा है-अखिलेश
उत्तर प्रदेश में संभावित कैबिनेट विस्तार पर उन्होंने कहा, 'यह सब बीजेपी का ड्रामा है। हमने बीजेपी का ड्रामा देखा है... शपथ कौन लेगा? शपथ 2027 में होगी। यह एक बड़ी शपथ होगी। ‘समाजवादी’ लोग, पीडीए के साथ मिलकर, इन्हें हटाने जा रहे हैं। वे कैबिनेट का विस्तार करें या छोटा करें, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।'
अगले सप्ताह हो सकता है मंत्रिमंडल का विस्तार
रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि अगले सप्ताह की शुरुआत में यूपी में मंत्रिमंडल का विस्तार संभव है। इसे लेकर दिल्ली से सूबे तक राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। सीएम योगी आदित्यनाथ, आरएसएस और बीजेपी संगठन की बैठकें हो रही हैं। सूत्रों का कहना है कि चौधरी भूपेंद्र सिंह ,अशोक कटारिया, पूजा पाल को मंत्री बनाया जा सकता है जबकि बलदेव औलख (राज्यमंत्री) की तरक्की हो सकती है। गोविंद नारायण शुक्ला (एमएलसी, प्रदेश महामंत्री) को मंत्री बनाए जाने की संभावना है।
