IMD Weather Update: दिल्ली- NCR के लोगों को बीते कुछ दिनों से गर्मी से राहत मिल रही है। हालांकि, यह राहत भरा मौसम बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली-NCR व आसपास के इलाकों में फिर से गर्मी लौटेगी। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया, तीन जून से उमस भरी गर्मी पड़ेगी और पारा 40 उिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, तीन जून से लेकर 15 जून तक बारिश के कोई आसार नहीं बन रहे हैं। उन्होंने बताया, आने वाले दिनों में कोई भी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना नहीं है। हालांकि, एक व दो जून को मौसम सुहाना रहेगा।
दो दिन तेज हवाओं के साथ बारिश
IMD के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि आज और कल मौसम सुहावना रहेगा। रात में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिक ने यह भी बताया की मार्च से अब तक लगातार वेस्टर्न डिस्टरबेंस आ रहे हैं जिसकी वजह से तापमान नहीं बढ़ा। मार्च में भी चार पांच वेस्टर्न डिस्टरबेंस आए, अप्रैल और मई में भी चार वेस्टर्न डिस्टरबेंस आए। लेकिन जून में तापमान तेजी से बढ़ेगा और उमस भरी गर्मी सताएगी। जून में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा।
36 सालों में मई में सबसे कम तापमान
दिल्ली एनसीआर में इस बार मई तो बहुत सुकून भरी रही। तापमान काफी कम रहा। 36 सालों में सबसे कम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन जून में गर्मी सताएगी। दिल्ली में मई 1987 में औसत अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आईएमडी ने कहा, इस साल मई में औसत अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1987 के बाद से सबसे कम है।इस बार मानसून भी सामान्य रहने का अनुमान है। 29 जून तक दिल्ली में मानसून आता है।
