देश

Weather Updates: इन 8 राज्यों में 30 जून तक भारी बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया अलर्ट

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jun 27, 2023, 11:31 AM IST

मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा कि अगले 4-5 दिनों के दौरान पूर्वमध्य, उत्तर पश्चिम और पश्चिम भारत में सक्रिय मानसून की स्थिति जारी रहने की संभावना है।

Image

Rain and Weather Update

Photo : PTI

Weather Updates: देश के उत्तरी राज्यों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। मानसून की दस्तक के साथ ही दिल्ली, यूपी, बिहार सहित कई राज्यों में मौसम सुहाना हो गया है और आसमान में बादल छाए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को 30 जून तक कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की। मौसम विभाग ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया। मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा कि अगले 4-5 दिनों के दौरान पूर्वमध्य, उत्तर पश्चिम और पश्चिम भारत में सक्रिय मानसून की स्थिति जारी रहने की संभावना है।

असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश

मौसम विभाग ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए आईएमडी ने 29 और 30 जून को असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। अगले दो दिनों के दौरान पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में और अगले 5 दिन में पूर्वोत्तर भारत में भी भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम में राजस्थान में 29 जून को बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश और 27 और 28 जून को भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 28 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम कार्यालय ने पूरे उत्तराखंड राज्य के लिए मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट और 30 जून तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

पूर्वी-पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी बारिश 27 जून को पूर्वी मध्य प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। 27 और 28 को पश्चिमी मध्य प्रदेश और 27 को विदर्भ में भारी बारिश होगी। आईएमडी ने मंगलवार के लिए चार जिलों हरदा, बुरहानपुर, बैतूल और छिंदवाड़ा के लिए रेड अलर्ट और मध्य प्रदेश के आठ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दक्षिणी भारत में अगले पांच दिनों के दौरान मध्यम छिटपुट से काफी व्यापक बारिश होने की संभावना है और अगले दो दिनों के दौरान छिटपुट गरज के साथ बारिश और बिजली गिर सकती है। विभाग ने कहा कि 27 जून को केरल में अलग-अलग भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 26 से 30 जून तक तटीय कर्नाटक में भी भारी बारिश होने की संभावना है।

गोवा, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र के लिए अलर्ट

आईएमडी ने 30 जून तक गोवा, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की भी भविष्यवाणी की है। रविवार को आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि मुंबई और मध्य महाराष्ट्र सहित तटीय क्षेत्र में भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 48 घंटों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। कोंकण में अगले 48 घंटों में भारी से बहुत भारी वर्षा होगी। अधिकारी ने कहा कि इसमें मुंबई और मध्य महाराष्ट्र भी शामिल हैं।

हिमाचल में बुरा हालहिमाचल प्रदेश में, रविवार को अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध होने के कारण मंडी जिले में सैकड़ों यात्री फंसे हुए थे। 70 किलोमीटर लंबा मंडी-पंडोह-कुल्लू मार्ग बुरी तरह प्रभावित हुआ था। भारी बारिश के बाद राज्य में कुल 301 सड़कें बंद हो गईं, जबकि 140 बिजली ट्रांसफार्मर बाधित हो गए। भारी बारिश के कारण मंडी शहर से लगभग 40 किलोमीटर दूर पंडोह-कुल्लू मार्ग पर औट के पास खोतिनल्लाह में अचानक बाढ़ आ गई।

दिल्ली में हल्की बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट

देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को तड़के हुई हल्की बारिश की वजह से न्यूनतम तापमान, सामान्य से तीन डिग्री नीचे 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि शहर में मंगलवार को सुबह आठ बजकर 30 मिनट तक, पिछले 24 घंटे में 5.6 मिलीमीटर बारिश हुई। इस दौरान सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर सापेक्ष आर्द्रता 94 प्रतिशत रही। मौसम विभाग ने आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है।

शहर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पूर्व में मंगलवार के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया था और आसमान में बादल छाए रहने, मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान लगाया था। आईएमडी मौसम से जुड़ी चेतावनी के लिए चार रंगों का इस्तेमाल करता है जिसमें 'ग्रीन' का अर्थ है कि कोई कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है, 'येलो' का अर्थ है कि नजर रखें और अद्यतन जानकारी लेते रहें, 'ऑरेंज' का अर्थ है कि किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहें और 'रेड' का अर्थ है कि अविलंब कार्रवाई करें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article