IMD Alert for Bihar and Bengal: बिहार और पश्चिम बंगाल में आने वाले दिनों में भयकंर गर्मी पड़ने वाली है। मौसम विभाग (IMD) ने चार राज्यों के लिए लू (Heat Wave) की चेतावनी जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को कहा कि पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों में भंयकल लू देखने को मिल सकती है।
कब तक चलेगी लू
IMD के अनुसार पश्चिम बंगाल के मैदानी भागों के अलग-अलग हिस्सों में सोमवार (17 अप्रैल) तक, उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में शनिवार (15 अप्रैल) तक तथा बिहार में शनिवार से सोमवार (15 से 17 अप्रैल) तक लू चलने की संभावना है। विभाग ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के कई हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में अधिकतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।
रहेगा सामान्य से अधिक तापमान
इस महीने की शुरुआत में, मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम और प्रायद्वीपीय क्षेत्रों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में अप्रैल से जून तक सामान्य से अधिक तापमान की भविष्यवाणी की थी। इसी अवधि के दौरान मध्य, पूर्व और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्म हवा के चलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य और उत्तर प्रायद्वीपीय भारत में मौजूदा समय में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह रहा है।
अभी तक का हाल
वर्ष 2023 में, भारत में फरवरी का महीना 1901 के बाद से इस माह (फरवरी) का सबसे गर्म महीना रहा था। हालांकि, मार्च में सामान्य या उससे अधिक बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली। मार्च 2022 ज्ञात मौसम इतिहास का सबसे गर्म महीना रहा था और पिछले 121 वर्षों में तीसरा सबसे शुष्क महीना था। उस साल अप्रैल महीना भी, 1901 के बाद से तीसरा सबसे गर्म अप्रैल महीना रहा था।
