देश

'अगर आप भारत के प्रधानमंत्री हैं...', रूस से तेल खरीदने पर ट्रंप को 'डैडी' कहने वाले NATO चीफ के बिगड़े बोल

नाटो महासचिव ने इन तीनों देशों के नेताओं से अपील की कि वे सीधे पुतिन से बात करें और उन्हें शांति वार्ता के लिए मजबूर करें। रूट ने कहा, 'तो कृपया व्लादिमीर पुतिन को फोन करें और कहें कि उन्हें शांति वार्ता को गंभीरता से लेना होगा, वरना इसका बड़ा खामियाजा ब्राजील, भारत और चीन को भुगतना पड़ेगा।' नाटो प्रमुख की ये टिप्पणी तब आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन को नई सैन्य मदद देने की घोषणा की है ।

Image

रूस से तेल खरीदने पर नाटो चीफ ने भारत, चीन और ब्राजील को दी धमकी। तस्वीर-AP

Photo : AP

Mark Rutte : रूस के साथ कारोबार को लेकर अब उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (NATO) के महासचिव मार्क रूट ने भारत, चीन और ब्राजील को धमकी दी है। रूट ने कहा है कि रूस के साथ व्यापार बंद नहीं करने पर इन तीनों देशों को आर्थिक दंड का सामना करना पड़ेगा। रूट की यह धमकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस चेतावनी के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा है कि वह रूस के साथ तेल एवं गैस खरीदने वाले देशों पर टैरिफ बढ़ाकर 100 फीसदी या इससे ज्यादा कर सकते हैं। यही नहीं ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध रोकने के लिए रूस को 50 दिनों का समय दिया है।

रूट ने तीन देशों के लिए क्या कहा...

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक रूट ने कहा, 'अगर आप चीन के राष्ट्रपति, भारत के प्रधानमंत्री या ब्राजील के राष्ट्रपति हैं, और आप रूस के साथ व्यापार करना और उसका तेल एवं गैस खरीदना जारी रखते हैं, तो जान लीजिए: अगर मास्को का व्यक्ति शांति वार्ता को गंभीरता से नहीं लेता, तो मैं 100 प्रतिशत द्वितीयक प्रतिबंध लगाऊंगा। मेरा इन तीन देशों को विशेष रूप से यही संदेश है। अगर आप बीजिंग, दिल्ली में रहते हैं या ब्राजील के राष्ट्रपति हैं, तो आप इस पर गंभीरता से विचार करें, क्योंकि इसका असर आप पर बहुत भारी पड़ सकता है।'

यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल सिस्टम देने जा रहा यूएस

नाटो महासचिव ने इन तीनों देशों के नेताओं से अपील की कि वे सीधे पुतिन से बात करें और उन्हें शांति वार्ता के लिए मजबूर करें। रूट ने कहा, 'तो कृपया व्लादिमीर पुतिन को फोन करें और कहें कि उन्हें शांति वार्ता को गंभीरता से लेना होगा, वरना इसका बड़ा खामियाजा ब्राजील, भारत और चीन को भुगतना पड़ेगा।' नाटो प्रमुख की ये टिप्पणी तब आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन को नई सैन्य मदद देने की घोषणा की है और रूस व उसके व्यापारिक साझेदारों पर कड़े शुल्क लगाने की चेतावनी दी है। व्हाइट हाउस ने कहा कि ट्रंप की योजना में पैट्रियट मिसाइल सिस्टम जैसे आधुनिक हथियार भेजने की बात है, जिन्हें कीव रूसी हवाई हमलों से बचाव के लिए अहम मानता है।

युद्ध रोकने के लिए रूस को 50 दिन का समय

ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर 50 दिनों के भीतर यूक्रेन के साथ कोई शांति समझौता नहीं होता, तो रूस के निर्यात पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाएंगे और उन देशों पर भी द्वितीयक प्रतिबंध लगाए जाएंगे जो रूस से तेल खरीदना जारी रखते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'अगर 50 दिनों के अंत तक समझौता नहीं हुआ, तो हालात बहुत खराब होंगे। शुल्क लगेंगे और अन्य प्रतिबंध भी लागू होंगे।' ट्रंप ने कहा कि नया टैरिफ लगाने के लिए उन्हें कांग्रेस से नई मंजूरी लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिका के 100 में से 85 सीनेटर उस कानून का समर्थन करते हैं जो ट्रंप को रूस की मदद करने वाले देशों पर 500 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का अधिकार देगा।

नाटो शिखर सम्मेलन में रूट ने ट्रंप को 'डैडी' कहा था

जून के अंतिम सप्ताह में नीदरलैंड में नाटो का वार्षिक शिखर सम्मेलन हुआ। इस सम्मेलन में ट्रंप पहुंचे थे। इस समिट में ट्रंप से मुलाकात के दौरान नाटो के चीफ मार्क रूट ने उनके लिए 'डैडी' शब्द का इस्तेमाल किया। जब उनसे इस बारे में पूछा गया, तो रूट ने कहा कि वह अमेरिका को 'डैडी' कह रहे थे, ट्रंप को नहीं। लेकिन व्हाइट हाउस ने 'डैडी' शब्द को ट्रंप के प्रचार का जरिया बना लिया है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article