देश

कुवैत से 45 भारतीयों के शव को लेकर कोच्चि पहुंचा IAF का विशेष विमान, 12 राज्यों को सौंपे जाएंगे पार्थिव शरीर

Kuwait Fire Accident: मृतकों में 23 केरल के, सात तमिलनाडु के, तीन आंध्र प्रदेश के, तीन यूपी के, दो ओडिशा और बिहार, पंजाब, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड और हरियाणा के एक-एक कामगार हैं। इन पार्थिव शरीरों को कोच्चि एवं दिल्ली में संबंधित राज्यों के प्रतिनिधियों को सौंपा जाएगा।

Image

कुवैत से भारतीयों का शव लेकर कोच्चि पहुंचा वायु सेना का विशेष विमान।

Kuwait Fire Accident: भारतीय वायु सेना (IAF) का विशेष विमान 45 भारतीयों के पार्थिव शरीर को लेकर शुक्रवार को कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा। कुवैत की एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से 45 भारतीय कामगारों की मौत हुई है। इनमें सबसे ज्यादा केरल के कामगार हैं। विमान के एयरपोर्ट पहुंचने पर उससे पार्थिव शरीर वाले ताबूत को एक-एक कर निकाला गया। वायु सेना का यह विमान कोच्चि के बाद दिल्ली आएगा। इस विमान में केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह भी हैं। सिंह गुरुवार को कुवैत पहुंचे और वहां भारतीयों के शवों को जल्द सौंपे जाने के लिए कुवैत के अधिकारियों के साथ समन्वय किया।

घटना के समय 176 भारतीय सो रहे थे

रिपोर्टों के मुताबिक इस बहुमंजिला इमारत में जिस समय आग लगी उस समय वहां पर 176 भारतीय कामगार सो रहे थे। इस हादसे में जहां 45 की मौत हो गई, वहीं 33 मजदूरों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में हो रहा है। बाकी भारतीय कामगार सुरक्षित हैं। घायल भारतीयों का इलाज अदन, मुबारक अल कबीर, जाबेर, फरवानिया और जाहरा अस्पताल में हो रहा है। इस विमान के शुक्रवार सुबह पहुंचने की उम्मीद है।

विमान पहले कोच्चि फिर दिल्ली आएगा

मृतकों में 23 केरल के, सात तमिलनाडु के, तीन आंध्र प्रदेश के, तीन यूपी के, दो ओडिशा और बिहार, पंजाब, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड और हरियाणा के एक-एक कामगार हैं। इन पार्थिव शरीरों को कोच्चि एवं दिल्ली में संबंधित राज्यों के प्रतिनिधियों को सौंपा जाएगा।

शॉर्ट सर्किट से आग लगी

यह हादसा बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। कुवैती फायर फोर्स के मुताबिक यह आग इलेक्ट्रिकल सर्किट के चलते लगी। उस वक्त सभी कामगार सो रहे थे। आग लगने की वजह से मची भगदड़ के बीच कई लोगों ने घबराकर बिल्डिंग की खिड़कियों से छलांग लगा दी। कई लोग इमारत के अंदर ही फंसे रह गए और धुएं में दम घुटने से उनकी मौत हो गई। घायल भारतीयों की हालत अब पहले से बेहतर है। कुवैत में भारतीय दूतावास ने इस घटना के बाद एक हेल्पलाइन नंबर +965-65505246 भी जारी किया है। मृतकों की उम्र 20 से 50 साल के बीच है।

घटना पर पीएम मोदी ने दुख जताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस त्रासदी पर गहरा दुख जताया। उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विनय क्वात्रा, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में इस घटना के बाद स्थिति की समीक्षा की। इस घटना पर उन्होंने दुख जताते हुए मृतक भारतीय नागरिकों के परिवारों के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि घोषित की।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article